अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।  

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सचिन पायलट के बीजेपी में आने के सवाल पर कहा- किसी भी जनाधार वाले व्यक्ति को बीजेपी की रीति-नीति में विश्वास करना होगा। पीएम नरेंद्र मोदी को अपना नेता स्वीकार करना होगा। पार्टी में उनका बांह पसारकर स्वागत है।

केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को अलवर में सांसद बालकनाथ के हसन खां मेवात नगर स्थित कार्यालय बाबा मस्तनाथ जन सेवनम भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान भास्कर ने सचिन पायलट और संजीवनी क्रेडिट कॉ-ऑपरेटिव सोसायटी मुद्दे पर बात की। उन्होंने संजीवनी सोसायटी के मुद्दे पर सीएम को जवाब देते हुए कहा कि सारा सच सामने आ गया है।

शेखावत बोले- पार्टी की रीति-नीति में विश्वास रखें

इस दौरान जब ये सवाल किया गया...क्या सचिन पायलट के बीजेपी में शामिल होने की संभावनाएं भी हैं? तो उनका कहना था...यह आभासी वाला सवाल है। पायलट भी पार्टी में आ सकते हैं बस शर्त है किसी भी जनाधार वाले व्यक्ति को बीजेपी की रीति-नीति में विश्वास करना होगा। मोदी को अपना नेता स्वीकार करते हों तो बीजेपी में उनका बांह पसारकर स्वागत है।

संजीवनी मुद्दे पर कहा- एक साल से बयानबाजी कर रहे हैं, सच सामने है
संजीवनी मुद्दे पर शेखावत को जोधपुर हाईकोर्ट से गुरुवार को ही राहत मिली थी। शुक्रवार को वे अलवर पहुंचे तो पार्टी पदाधिकारियों की ओर से उनका स्वागत कर बधाई दी गई। शेखावत ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा- मुझे लगता है कि बधाई इस विषय में है कि सच उजागर हुआ। जिसे दबाने के लिए राजस्थान सरकार के मुखिया एक साल से बयानबाजी कर रहे थे। गुरुवार को कोर्ट में दूध का दूध और पानी का पानी हो गया।

सास-बहू की लड़ाई में बाहर वालों को बात नहीं करनी चाहिए

पायलट के अनशन और भ्रष्टाचार के आरोप पर शेखावत का कहा- मुझे लगता है कि सास-बहू की लड़ाई में बाहर वालों को बात नहीं करनी चाहिए। जब कभी भी सास-बहू की लड़ाई में दूसरे लोग बात करते हैं तो उसमें कालिख ही पूतती है। इसलिए उनकी लड़ाई उनको ही लड़नी चाहिए।

प्रदेशाध्यक्ष जोशी के नेतृत्व में नया रिकॉर्ड बनाएंगे

बीजेपी में प्रदेश नेतृत्व परिवर्तन पर बोले- पार्टी में परिवर्तन सहज, सामान्य और स्वीकार्य परंपरा है। सतीश पूनिया के नेतृत्व में भी व्यापक आंदोलन किए थे। हर विधानसभा क्षेत्र में जनाक्रोश यात्रा का आयोजन किया था। इसके चलते राजस्थान में सरकार के प्रति आक्रोश को इकट्‌ठा करने का काम किया है। बीजेपी में सहज प्रक्रिया है कि तीन साल के बाद नया नेतृत्व आता है। अब प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में 2023 और 2024 में नया कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, वरिष्ठ नेता ज्ञानदेव आहूजा समेत कई नेता मौजूद थे।