जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस गाड़ी (चेतक) को कार सवार ने सामने से टक्कर मारी। कई बार आगे-पीछे लेकर चेतक को टक्कर मारकर कार सवार बदमाश फरार हो गया। भांकरोटा थाना पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस ने एक संदिग्ध कार को जब्त करने के साथ हमल कर भागे कार सवार की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल सोहनलाल, कॉन्स्टेबल ड्राइवर संदीप कुमार और कॉन्स्टेबल अजय सिंह पर जानलेवा हमला हुआ। 17 अप्रैल को पुलिस टीम के जवान चेतक से गश्त कर रहे थे। सुबह करीब 4:15 बजे तरूछाया रेजीडेंसी के पास एक बीट कार रोड पर खड़ी थी। कार के पीछे की ब्रेक लाइट व सामने की बाये साइड की लाइट जली हुई थी। चैक करने पर स्टेयरिंग लॉक टूटा हुआ था। ड्राइवर साइड का शीशा खुला था। आस-पास चेक करने पर कोई भी व्यक्ति नहीं मिला।
तेजी से आई कार से चेतक को मारी टक्कर
इसी दौरान निर्माण नगर रोड की तरफ से रॉन्ग साइड से एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। संदिग्ध प्रतीत होने पर कॉन्स्टेबल ड्राइवर संदीप ने लाइट डिप्पर का इशारा देकर रोकने का इशारा किया। तेजी से आ रही कार ने सामने से चेतक को टक्कर मारी। हेड कॉन्स्टेबल सोहनलाल व कॉन्स्टेबल अजय सिंह ने कार को रूकवाने का प्रयास किया। बदमाश ने कार को तीन-चार बार कार को आगे-पीछे कर चेतक को टक्कर मारी।
पुलिस टीम के तीनों जवानों को जान से मारने का प्रयास किया। टक्कर मारने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर अजमेर रोड की तरफ भाग गया। पुलिस टीम ने कार सवार को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन रिंग रोड पर नजरों से ओंझल होने से फरार हो गया। पुलिस ने रोड किनारे खड़ी मिली संदिग्ध कार को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवाया है। पुलिस टीम पर हमला करने वाले कार सवार बदमाश की तलाश की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ