जोधपुर में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अगुआई में कलेक्ट्रेट पर महा घेराव किया जा रहा है। सोमवार सुबह 11:00 बजे से रैली व महा घेराव शुरू हुआ। बीजेपी की ओर से कांग्रेस सरकार पर बढ़ते अपराध और वादाखिलाफी का आरोप लगाकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे।
जिला कलेक्टर को नहीं दिया ज्ञापन चस्पा कर दिया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में कई पदाधिकारी कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचे और जिला कलेक्टर से बाहर आकर ज्ञापन लेने की मांग करने लगे। लेकिन जिला कलेक्टर बाहर नहीं आए और अंदर ही ज्ञापन लेने पर अड़े रहे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट की दीवार पर ही ज्ञापन चस्पा कर दिया और लौट गए।
सपने में भी मेरा भूत नजर आता है - शेखावत
महाघेराव को संबोधित करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इन दिनों की भाषण भी रिपीट कर रहे हैं। अपने भाषण में 30% हिस्सा तो मेरे ऊपर ही फोकस करते हैं। रात को सोते हैं तो भी मेरा ही भूत आता है। सुबह उठकर हर कार्यक्रम में मेरे ही बारे में बात करते हैं। गौरतलब है कि सीएम गहलोत पिछले कई समय से संजीवनी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी घोटाले को लेकर केंद्रीय मंत्री शेखावत पर लगातार हमलावर बने हुए हैं।
अब खुद के नेस्तनाबूद होने का टाइम आया
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि 1 दिन पहले ही सीएम गहलोत ने बदमाशों और गैंगस्टर्स को चेतावनी दी और कहा कि इनको नेस्तनाबूद कर देंगे। लेकिन अब तो टाइम राजस्थान सरकार के नेस्तनाबूद होने का आया है। शेखावत ने कहा राज्य सरकार ने राजस्थान के लोगों को आयुष्मान योजना से महरूम कर दिया। जल जीवन मिशन में प्रगति के मामले में राजस्थान सबसे निचले पायदान पर है।
राजस्थान की सरकार को भगवा से नफरत
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने महाघेराव को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में राजस्थान की सरकार को भगवा से नफरत हो गई है। वीर धरा के बेटे हैं हम शौर्य अभी तक झुका नहीं। मुगलों के आगे राणा का भगवा ध्वज कभी झुका नहीं।
अब राम भी याद आएगा और नानी भी
प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने कहा कि इन दिनों कांग्रेस को चुनाव नजदीक आते ही फिर से भगवान राम भी याद आ रहे हैं। जो सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा पेश कर खुद राम को काल्पनिक बता सके हैं। लेकिन अब इनको राम भी याद आएगा और नानी भी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सरकार पीएफआई जैसे प्रतिबंधित संगठन को रैली निकालने की अनुमति देती है लेकिन रामनवमी और नव वर्ष के आयोजन के लिए अनुमति नहीं देती।
संजीवनी मामले पर जोशी का बयान
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी सोमवार को जोधपुर पहुंचे। जहां एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया। जोधपुर पहुंचकर जोशी ने कहा कि संजीवनी मामले में मुख्यमंत्री को पार्टी नहीं बनना चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस की अंदरुनी खींचतान पर भी निशाना साधा।
जोधपुर में जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पूरे प्रदेश के सीएम हैं। उन्हें संजीवनी मामले पर बयानबाजी कर पार्टी नहीं बनना चाहिए। न्यायालय में जांच होगी और उसके बाद निर्णय होगा। चुनाव में जो हुआ उसका बदला लेने से अच्छा है, उसे भूल जाना चाहिए। इस प्रकार पार्टी नहीं बनना चाहिए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा में अगर मुख्यमंत्री के दावेदार अगर ज्यादा हैं तो इसमें बुराई नहीं है। हमारे नेता जनाधार वाले हैं और अपनी मांग सबको रखनी चाहिए। कांग्रेस में तो मुख्यमंत्री के दावेदारों को नाकारा और निकम्मा कह कर भगा देते हैं।
कांग्रेस के मंत्री-विधायक कह रहे- वादे पूरे नहीं हुए
जोशी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जो वादे करके सत्ता में आई, उन्हें पूरा नहीं किया। अब तो खुद सीएम के सलाहकार, विधायक और मंत्री कह रहे हैं कि जो वादे किए वे पूरे नहीं हुए।
केसरिया साफा ब्रिगेड का अनूठा स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी के स्वागत के लिए नथमल पालीवाल के नेतृत्व में अनूठा स्वागत किया गया। केसरिया साफा ब्रिगेड के करीब 1500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस से लेकर कलेक्ट्रेट के बीच सड़क के दोनों कतारें बनाकर प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई की।
एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक निकाली बाइक रैली
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष जोशी के स्वागत में एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक वाहन रैली निकालकर स्वागत किया। इससे पहले एयरपोर्ट पर कई भाजपा नेताओं ने उनकी अगुआई की। जोशी शाम को पाल बाइपास स्थित एक निजी होटल में संभाग स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेंगे।


0 टिप्पणियाँ