अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट।  

अजमेर एसीबी ने मंगलवार को 7 हजार की रिश्वत लेते राजस्थान स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के डिपो मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डिपो मैनेजर के द्वारा शिकायतकर्ता को आबकारी विभाग द्वारा आवंटित शराब की दुकान के माल का बिल काटने और चालान सेव करने की एवज में पिछले 3 महीने के प्रति महीने 3 हजार रुपए की बंदी के रूप में मांगकर परेशान किया जा रहा था। एसीबी के द्वारा आरोपी डिपो मैनेजर के आवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।

अजमेर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू ने बताया- शिकायतकर्ता द्वारा एसीबी को शिकायत दी गई। आबकारी विभाग द्वारा आवंटित शराब की दुकान के माल का बिल काटने एवं चालान सेव करने की एवज में पिछले 3 महीने के प्रति माह 3 हजार रुपए बंदी के रूप में राजस्थान स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन के डिपो मैनेजर दीपक खत्री के द्वारा 9 हजार रुपए की रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। शिकायतकर्ता से मिली शिकायत का सत्यापन किया जाकर मंगलवार को पुलिस निरीक्षक नरेश चौहान द्वारा परिवादी से 7 हजार की रिश्वत लेते डिपो मैनेजर दीपक खत्री को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी डिपो मैनेजर द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान परिवादी से 2 हजार रुपए की रिश्वत राशि के रूप में पहले ही वसूल ली थी। एसीबी गिरफ्तार किए गए डिपो मैनेजर से मामले में पूछताछ कर रही है। एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि एसीबी के द्वारा आरोपी डिपो मैनेजर के आवास और अन्य ठिकानों पर भी तलाशी जारी है।