जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (सीफू) ने गुरुवार को चिकित्सा विभाग के लिए हो रही 5 भर्तियों को निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया। चिकित्सा विभाग का पत्र मिलने के बाद सीफू ने यह फैसला किया। इन पांचों भर्तियों की प्रक्रिया अगले सप्ताह से दोबारा शुरू की जाएगी।

अच्छी बात है कि पदों की संख्या में 11 हजार से अधिक की बढ़ोतरी की गई है। निरस्त पांचों भर्तियों में पहले कुल पद 6,523 थे, जो अब बढ़कर 17,774 हो सकते हैं। पांचों भर्तियों को निरस्त करने की जानकारी भास्कर ने पहले ही दे दी थी। इन भर्तियों में पांच बार आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जा चुकी थी। इनमें फार्मासिस्ट भर्ती तो ऐसी है, जो 10 साल में दो बार 2018 और 2022 में निकली और दोनों ही बार निरस्त कर दी गई।

अब पदों की संख्या
भर्ती पहले अब
फार्मासिस्ट 2,020 2,880
नर्सिंग ऑफिसर 1,289 7,860
लैब टेक्नीशियन 1,044 2,205
सहायक रेडियोग्राफर 1,015 1,090
महिला स्वा. कार्यकर्ता 1,155 3,739
कुल पद 6,523 17,774

सभी भर्तियों की विज्ञप्ति अलग-अलग जारी हो सकती है। अनुभव प्रमाण पत्रों के मामले में भी कुछ संशोधन हो सकता है। पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा अप्लाई नहीं करना होगा।

3 साल पुराने अनुभव प्रमाण पत्र मान्य हों
हम लंबे समय से भर्तियां पूरी होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन निरस्त होने से निराश हैं। अब विभाग जल्द इन भर्तियों की प्रक्रिया प्रारंभ करे। तीन या इससे अधिक साल पुराने अनुभव प्रमाण पत्रों को मान्य किया जाए। -प्रवीण सैन, अध्यक्ष, फार्मा यूथ वेलफेयर संस्थान

चिकित्सा विभाग की पांचों भर्तियों को निरस्त कर दिया गया है। जल्दी नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। संभवत: अगले सप्ताह से इन भर्तियों की विज्ञप्ति जारी हो सकती है। - डॉ. आरपी डोरिया निदेशक, सीफू