अलवर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को गोलियों से भूनने वाले दो आरोपियों को अलवर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रेवाड़ी से बहरोड़ (अलवर) की ओर आ रहे एक आरोपी को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक अनिल बेनीवाल ने बताया कि इस एनकांउटर में बहरोड़ एसएचओ के पेट में गोली लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट से उनकी जान बच गई। वहीं, पुलिस की फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है। जबकि दूसरे आरोपी को भिवाड़ी के करीब पहाड़ी क्षेत्र से पकड़ा है। बेनीवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह बहरोड़ हत्याकांड के दो आरोपियों अजय खोरी और रवि बेगपुर को गिरफ्तार किया है। अजय को नाकाबंदी के दौरान निंभाेर (बहरोड़) से और रवि को भिवाड़ी के रामपुर से पकड़ा गया है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी घायल हैं। इलाज के बाद उन्हें थाने ले जाया गया है। आरोपी अजय के पैर में गोली लगी है जबकि रवि अंधेरे के कारण पहाड़ी से गिरने से घायल हो गया।

फायरिंग कर भागने की कोशिश की

भिवाड़ी एसपी के अनुसार सात मार्च को बहरोड़ के खोरी गांव के एक मंदिर में भाजपा कार्यकर्ता संजय यादव की सिर में पांच गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से वे आरोपियों की तलाश में बहरोड़ में ही कैंप कर रहे थे। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 3 टीमों का गठन किया गया था। बहरोड़ एसएचओ वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अजय और रवि बाइक पर रेवाड़ी (हरियाणा) से बहरोड़ (अलवर, राजस्थान) की तरफ आ रहे हैं। इस इनपुट पर पुलिस टीम को अलर्ट किया गया। देर रात 3 बजे पुलिस ने बहरोड़ थाना इलाके के गांव निंभोर से बसई खोर के बीच रास्ते पर नाकाबंदी कर दी। इस दौरान शुक्रवार सुबह 4 बजे के आसपास आरोपी अजय खोरी अकेला बाइक पर आता नजर आया। पुलिस की टीम वहां मौजूद थी। पुलिस को देख वह बाइक घुमाने लगा तो बाइक स्लिप हो गई।अजय खोरी ने पिस्टल से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली पुलिस की बोलेरो कार के बोनट पर लगी। अगले ही पल अजय ने दूसरा फायर किया जो एसएचओ वीरेंद्र पाल सिंह को लगी। बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण एसएचओ की जान बच गई।

जवाबी फायरिंग में पहले हवा में फायर किया गया, दूसरा फायर किया तो अजय के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस उसे हिरासत में लेकर बहरोड़ के कैलाश हॉस्पिटल लाई। इसके बाद उसे बहरोड़ थाने ले आया गया। अजय के पास पिस्टल मिली, दो फायर करने के बाद उसके पास एक जिंदा कारतूस मिला।

पहाड़ी पर छिपे होने की जानकारी दी

अजय को दबोचने के बाद पुलिस ने उससे उसके दूसरे साथी रवि बेगपुर के बारे में पूछा। अजय ने बताया बाइक पर रवि साथ आया था लेकिन वह उसे हरियाणा बॉर्डर पर ही उतार आया है। पुलिस ने दूसरी टीम को अलर्ट किया। दूसरी टीम को प्रशिक्षु आईपीएस सुजीत शंकर लीड कर रहे थे। जानकारी मिली कि रवि हरियाणा से भिवाड़ी के फूलबाग थाना इलाके में रामपुर की पहाड़ियों में छुपा है।

उस वक्त सुबह के करीब 5 बज रहे थे। प्रशिक्षु आईपीएस सुजीत शंकर की अगुवाई में पुलिस ने रवि बेगपुर को घेर लिया। इस दौरान पहाड़ी पर दौड़ते वक्त रवि गिरकर घायल हो गया। उसके पैर में चोट लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और भिवाड़ी के सरकारी हॉस्पिटल में दिखाकर भिवाड़ी थाने ले गई। आरोपियों अजय और रवि से अब बहरोड़ और भिवाड़ी थाना पुलिस हत्याकांड को लेकर पूछताछ कर रही है।