भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट 

राहुल गांधी के ब्रिटिश पार्लियामेंट में दिए बयान पर सियासत तेज हो गई है। विदेश जाकर देश के अंदरूनी मामलों को उठाने पर राहुल गांधी विरोधियों के ही निशाने पर नहीं हैं, राजस्थान के पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरुद्ध सिंह ने राहुल गांधी पर तल्ख कमेंट किए हैं। अनिरुद्ध ने राहुल को झक्की और सिरफिरा तक कह दिया।

राहुल गांधी ने कहा था- भारतीय संसद में विपक्ष के माइक बंद कर दिए जाते हैं। अनिरुद्ध सिंह ने इस पर कमेंट करते हुए ट्वीट किया- वह झक्की-सिरफिरा हो गया है, जो दूसरे देश की संसद में अपने देश का अपमान करता है। शायद वह इटली को अपनी मातृभूमि मानता है। राहुल गांधी को इटालियन बताने पर कई ट्वीटर यूजर्स ने सवाल उठाए तो अनिरुद्ध ने आगे लिखा- इटली के माफिया भारत में जमीन हड़प रहे हैं।


यूजर्स ने लिखा- पायलट तो रात दिन गुणगान करते हैं

कैलाश नाम के यूजर ने लिखा- आपके मामाजी (सचिन पायलट) तो रात दिन राहुल गांधी का गुणगान करते हैं। इस पर सिंह का जवाब था कि- उनके राजनीतिक विचार क्या है, मैं व्यक्तिगत संबंधों में राजनीतिक विचारों को क्यों लाऊं? आपका ऐसा सोचना भी बेवकूफी है।

मंत्री विश्वेंद्र सिंह और अनिरुद्ध के बीच हो चुकी अनबन

पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह और उनके बेटे अनिरुद्ध के बीच दो साल पहले सियासी मतभेद अनबन में बदल गए थे। अनिरुद्ध ने ट्वीट करके सार्वजनिक रूप से अपने पिता पर आरोप लगाए थे। मतभेद की वजह पारिवारिक और सियासी थी। विश्वेंद्र सिंह जब नवंबर 2021 में दोबारा मंत्री बने उससे पहले से ही पिता पुत्र के बीच अनबन हो गई थी। अनिरुद्ध सचिन पायलट समर्थक हैं और उन्हें मामाजी कहते हैं।

कांग्रेसी नेताओं पर लगातार कमेंट, पायलट की तारीफ

यह पहला मौका नहीं है जब अनिरुद्ध सिंह ने किसी कांग्रेस नेता के खिलाफ कमेंट किया हो। वह लंबे समय से कांग्रेस और उसके नेताओं के खिलाफ कमेंट करते रहे हैं। उनके बीजेपी में जाने की अटकलें भी हैं। अनिरुद्ध बाकी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करते हैं, लेकिन सचिन पायलट के समर्थन में लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने अपने ट्वीटर बायो में भी अनिरुद्ध राजस्थान के मुद्दों पर खुद को सचिन पायलट स्कूल ऑफ थॉट का समर्थक लिखा हुआ है।

अनिरुद्ध के बयानों पर विश्वेंद्र मौन

अनिरुद्ध के किसी भी कमेंट पर विश्वेंद्र सिंह ने पिछले करीब तीन साल में कोई बयान नहीं दिया है। जब से अनबन हुई है, तब से बेटे के किसी कमेंट पर उन्होंने कोई रिएक्शन नहीं दिया। दरअसल, 2021 में अनिरुद्ध सिंह ने ट्वीट करके विश्वेंद्र सिंह पर मां के प्रति हिंसक होने, शराबी होने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे। सिंह ने ट्वीट किया था कि- पिछले 6 सप्ताह से मैं अपने पिता के संपर्क में नहीं हूं।

वे मेरी मां के प्रति हिंसक हो गए हैं, कर्ज ले लिया, शराबी हो गए हैं, और जो दोस्त मेरी मदद करते हैं, उनके बिजनेस बर्बाद कर दिए हैं। यह केवल राजनीतिक विचारधाराओं का अंतर नहीं है। एक यूजर को जवाब देते हुए अनिरुद्ध ने लिखा- मैंने और मेरी मां ने 30 साल मध्यमवर्गीय परिवार के मूल्यों का पालन किया। 30 साल बहुत होते हैं।

बंद करवा दिए थे सोशल मीडिया अकाउंट

भरतपुर के पूर्व राजघराने में पिता, पुत्र और पत्नी के झगड़े में सियासी वजह भी है। चर्चा थी कि विश्वेंद्र सिंह की इच्छा के खिलाफ अनिरुद्ध ने उनके ट्विटर हैंडल से ऐसे ट्वीट करवाए, जो उनकी पॉलिटिकल लाइन के खिलाफ थे। भरतपुर के पूर्व राजघराने से जुड़े सूत्रों के मुताबिक विश्वेंद्र सिंह उनसे बिना पूछे उनके ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट्स को लेकर नाराज थे, क्योंकि उनसे विश्वेंद्र सिंह को नुकसान हुआ।

बताया जाता है कि कांग्रेस और अशोक गहलोत के खिलाफ किए गए ट्वीट पर सिंह ने बेटे से नाराजगी जताई और इस पर झगड़ा हुआ। बेटे से झगड़े के बाद उन्होंने अपने ट्विटर, फेसबुक सहित सभी सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवा दिए थे।

पिता से बताया था जान का खतरा

अनिरुद्ध सिंह ने अगस्त 2021 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए खुद को अपने पिता से जान का खतरा बताया था। भरतपुर पुलिस अधीक्षक को दी गई की शिकायत में अनिरुद्ध सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पिता विश्वेंद्र सिंह की कोर टीम के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच और सुरक्षा की मांग थी की थी।