जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान में फिर से पारा चढ़ने लगा है। बीकानेर सहित कई जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। जयपुर, उदयपुर सहित कई अन्य जिलों में पारा 1 से 2 डिग्री तक चढ़ा है। मौसम विभाग ने शनिवार से 13 मार्च तक गर्मी बढ़ने की आशंका जताई है। 14 मार्च से राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश की भी संभावना है।

पिछले दिनों राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम ने करवट ली थी। दिन में गर्मी से राहत मिली थी। तापमान में गिरावट के कारण सुबह-शाम ठंड महसूस होने लगी थी। शुक्रवार से इसका असर खत्म होने लगा है। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, फलौदी, जालोर में शुक्रवार दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था।

जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, शुक्रवार को सबसे ज्यादा 37 डिग्री सेल्सियस तापमान जोधपुर के फलौदी में दर्ज हुआ। बाड़मेर में भी दिन का अधिकतम तापमान 36.5 पर पहुंच गया। उदयपुर, धौलपुर, टोंक, बूंदी, बारां, करौली, अलवर, जयपुर में भी दिन का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। कल इन जिलों में 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर तापमान चला गया था।

हालांकि रात का तापमान अभी कम है। इससे लोगों को रात में हल्की ठंड का अहसास रहता है। अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, पिलानी, सीकर, उदयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। मार्च के शुरू में इन शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच था।

3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 3 दिन में कई शहरों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। जयपुर, कोटा, उदयपुर समेत कई शहरों में दिन का तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के तक पहुंच सकता है। वहीं, रेगिस्तानी एरिया बीकानेर, बाड़मेर, जालोर, जैसलमेर, फलौदी में पारा 38-39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

14 मार्च से बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 14 मार्च से एक बड़ा वेदर सिस्टम मध्य भारत में बनेगा। इसके असर से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में बारिश हो सकती है। राजस्थान में 14 मार्च से पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद ये धीरे-धीरे आगे बढ़कर जयपुर, अजमेर, जोधपुर संभाग के जिलों में बारिश होगी। संभावना है कि बारिश का ये दौर 3-4 दिन तक चलेगा।

ज्यादा स्ट्रॉन्ग होगा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 14 मार्च से जो सिस्टम एक्टिव होगा वह पिछले सिस्टम की तुलना में ज्यादा स्ट्रॉन्ग होगा। इस कारण 3 से 4 दिन न केवल बारिश होगी, बल्कि तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और ओले गिरने की भी आशंका है। इस सिस्टम का असर भारत के कई राज्यों में रहेगा। थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी होगी।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का आज का तापमान

शहरअधिकतमन्यूनतम
अजमेर31.416.3
अलवर29.813.5
बाड़मेर36.518.5
भीलवाड़ा31.412.4
बीकानेर3518
चित्तौड़गढ़33.213.8
चूरू33.515.2
जयपुर30.717.3
जैसलमेर35.518.5
जोधपुर34.416.2
कोटा3117.4
पिलानी3314.9
सीकर30.413.5
गंगानगर34.515.3
उदयपुर30.613.8