किशनगढ़ में गुरुवार को शहीद दिवस मनाया गया। मां भारती रक्षा मंच के बैनर तले युवाओं ने देर शाम तिरंगा रैली निकाल फिजां में देशभक्ति के रंग घोले। आजाद पार्क से मुख्य बाजार होते हुए कटला बाजार तक निकाली गई तिरंगा रैली में जनसैलाब उमड़ा। रैली में युवा हाथों में कई फीट लंबा तिरंगा लेकर चल रहे थे। रास्ते में शहरवासियों ने तिरंगे पर पुष्पवर्षा कर शहीदों की शहादत को याद किया।
मशाल जुलूस व तिरंगा रैली को निम्बार्कपीठ काचरिया के पीठाधीश्वर डॉ. जयकृष्ण देवाचार्य व मां भारती रक्षा मंच के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्जवलित कर भगवा पताका दिखाकर रवाना किया। मशाल जुलूस व यात्रा आजाद नगर स्थित आजाद पार्क से शुरु होकर पुराना बस स्टैंड, अग्रसेन भवन, टाक पेट्रोल पंप, मुख्य चौराहा होते हुए कटला बाजार पहुंची। 101 फीट का तिरंगा देशभक्त युवा लेकर चल रहे थे, तो मातृ शक्ति मशाल को हाथों में लेकर चल रही थी। तिरंगा यात्रा का कई समाजों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
तिरंगा रैली में आगे अश्व पर सवार मां भारती व वीरांगना लक्ष्मीबाई की झांकी तथा बीच में तिरंगा लेकर चल रही स्वयं मां भारती और उनके साथ शहीद ए आजम भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव की झांकी के साथ 101 फीट का तिरंगा लिए देशभक्त युवा आकर्षण का केन्द्र रहे। मशाल लेकर चल रही मातृ शक्ति के साथ सखी सहेली पंतजलि योग समिति, मारवाड़ी महिला समिति की बहनें और विभिन्न स्कूलों के बच्चे व गणमान्य नागरिक चल रहे थे। कटला बाजार में जाकर तिरंगा रैली व मशाल जुलूस को विराम दिया गया। मां भारती की आरती के बाद कार्यक्रम पूर्ण हुआ।
इस दौरान मंच के लक्ष्मीनारायण सोनगरा, अध्यक्ष डॉ. विनय सिंह चौहान, एडवोकेट विजय पारीक, पवन जोशी, गोविन्द बाहेती, जसराज सैनी, राम शर्मा, बंशी सोनी, अमित दाधीच, प्रदीप बधवा, पवन गोंदवाले, ब्रजराज सिंह, हनुमान छणग, शंभू शर्मा, राजपूत समाज अध्यक्ष उदय सिंह, जितेंद्र मौलासर, संजय व्यास, सुनील दाधीच, राकेश सोनी, राकेश बागड़ा, पार्षद दिलीप सिंह, शेखर शर्मा, हर्षवर्धन राव, पवन जोशी, विशेष कुमावत, गिर्राज दायमा, चंद्र प्रकाश शर्मा, प्रभुदयाल कुमावत एवं मातृशक्ति से मां भारती रक्षा मंच अध्यक्ष नीतू बल्दवा, कुसुम कोठारी, सोनू सोनी, क्षितिजा पाठक सहित सैंकड़ों की संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे। मशाल जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन व स्थानीय प्रशासन मुस्तैद रहा। मशाल जुलूस का समापन काचरियापीठाधीश्वर के आर्शीवचन व राष्ट्रगान के साथ हुआ।
तिरंगा व मशाल जुलूस में एसबी ट्युटोरियल अंग्रेजी स्कूल, ताइक्वांडो एकेडमी, आर्मी एकेडमी, स्काउट गाइड व शूटिंग राइफल एकेडमी सहित बीस से अधिक संस्थाओं ने भाग लिया। तिरंगा रैली पर पर बीस से अधिक स्थानों पर सड़क मार्ग के दोनों ओर के व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मशाल व तिरंगा यात्रा के समापन पर निर्म्बाक पीठाधीश्वर डॉ. जयकृष्ण आचार्य ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए सदा तत्पर रहे। शहीदों का सम्मान दिल से करे। उन्होंने राष्ट्र, संस्कृति व धर्म की रक्षा करने की सीख दी। महिलाओं से कहा कि संस्कृति व सभ्यता की जननी ही संस्कार के माध्यम से अपने पूत को शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु जैसा बना सकती है।
यहां के युवाओं ने आज अनूठे अंदाज में शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि दी। युवाओं के समूह ने आरके कम्युनिटी तिराहे के पास दीवार पर तीनों शहीदों की पेंटिंग बनाकर भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पीसीसी सदस्य राकेश शर्मा, ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, दिलीप साहु, पार्षद मोहित तिवाड़ी, श्याम मनोहर पाठक, लक्ष्मीनारायण सोनगरा, रानू मत्तड़, नवीन मत्तड़, जितेंद्र तिवाड़ी, पार्षद सुशील अजमेरा, पंडित रूपेश शर्मा एडवोकेट समेत कई लोग उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ