जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

लॉरेंस के साथी और गैंगस्टर रितिक बॉक्सर को नेपाल से सोमवार को गिरफ्तार कर पुलिस जयपुर ले आई है। पिछले दिनों वो जयपुर के कई बिजनेसमैन को फोन कर 25 करोड़ रुपए मांग चुका था। जयपुर के क्लब पर फायरिंग भी करवा चुका था। अब तक की पुलिस जांच में सामने आया कि रितिक बॉक्सर की गुर्गों की लगातार हो रही गिरफ्तारियों से गैंगस्टर का राजस्थान में नेटवर्क टूट रहा था। इसलिए किसी बड़ी घटना को अंजाम देना चाहता था। जयपुर के बिजनेसमैन पर फायरिंग करने का प्लान था। इसलिए वो खुद बॉर्डर क्रॉस कर नेपाल से भारत आ रहा था। इसका इनपुट पुलिस के पास पहले से था। इसीलिए रितिक बॉक्सर पकड़ा गया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस को लॉरेंस से मिले सुराग से मदद मिली।

जयपुर कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया- ये बदमाश इंटरनेशनल कॉल कर के जयपुर के व्यापारियों को धमकी देते थे। पुलिस के पास सबसे बड़ा चैलेंज था कि इन व्यापारियों की जानकारी और मोबाइल नम्बर से इन बदमाशों तक कैसे पहुंचा जाए? पुलिस ने इस गैंग के लोकल नेटवर्क को तोड़ना शुरू किया। इसे लेकर जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 18 पुलिसकर्मियों की एक SIT बनाई। इस टीम में 2 एसीपी स्तर के अधिकारी और 12 सीआई शामिल थे। ये वे लोग थे, जो कई बार इन बदमाशों से लोहा ले चुके थे। पुलिस टीम ने एक-एक कर लॉरेंस की गैंग के लोकल बदमाशों को पकड़ना शुरू किया। इससे रितिक का नेटवर्क जयपुर और राजस्थान में टूटता चला गया। इसके कारण रितिक को लोगों ने पैसा देने से मना कर दिया। जिस पर वह खुद नेपाल से बाहर निकल कर एक बड़ा कांड करने की फिराक में था। इसके बाद फिर नेपाल चला जाता।

24 फरवरी को मिल गई थी रितिक की लोकेशन

पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी को जयपुर पुलिस को जानकारी मिल गई थी की रितिक बॉक्सर नेपाल में है। उसकी पिन पॉइंट लोकेशन नहीं मिलने पर पुलिस ने ऑपरेशन नहीं किया। पुलिस के पास 50 से अधिक ऐसे नम्बर हैं, जिन पर रितिक बॉक्सर बात किया करता था। ये वो बदमाश हैं, जो रितिक को सपोर्ट किया करते थे।

मदद करने वालों पर होगा एक्शन

एडिशनल कमिश्नर कैलाश विश्नोई ने बताया- अब रितिक के रिमांड के दौरान पुलिस उन लोगों को भी पकड़ेगी, जो लोग पिछले 4 माह से रितिक के सम्पर्क में थे। साथ ही, रितिक को पैसा और जानकारी मुहैया करवा रहे थे। कुछ बदमाशों ने रितिक की नेपाल में रहने और कैश की व्यवस्था भी कराई। पुलिस के पास इन लोगों के खिलाफ कई सबूत हैं। रितिक से होने वाली पूछताछ के बाद पुलिस जयपुर के इन 50 लोगों के खिलाफ एक्शन लेगी। रितिक बॉक्सर के खिलाफ राजस्थान सहित पंजाब, यूपी, हरियाणा में 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। अब कोशिश रहेगी की रितिक बॉक्सर को जल्द कड़ी से कड़ी सजा मिले।

लॉरेंस से हुई पूछताछ में मिला रितिक का सुराग

सूत्रों की मानें तो रितिक की गिरफ्तारी में लॉरेंस से 14 दिन हुई पूछताछ का बड़ा हाथ है। लॉरेंस ने ही पुलिस को बताया- रितिक 21 नवम्बर 2022 को घड़साना (श्रीगंगानगर) से जयपुर आया। यहां पर 6 घंटे रुकने के बाद वह नेपाल भाग गया। नेपाल में भी तीन दिन से ज्यादा नहीं रुका। रितिक के साथ उसके कुछ और अपराधी दोस्त थे। वह पुलिस के हाथ नहीं लगे। पिछले दिनों हुई कार्रवाई से रितिक के पास पैसा खत्म हो गया था। वह समझ गया था कि पुलिस ने उसके नेटवर्क को पूरी तरह से तोड़ दिया है। रितिक ने जयपुर के एक व्यापारी को धमकी दी। दो दिन में फायरिंग करने की बात कही। इस घटना को करने के लिए रितिक खुद जयपुर आने वाला था। पुलिस के पास रितिक की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने पहले ही उसे पकड़ लिया।