जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग के कई जिलों में सोमवार को बेमौसम बारिश हुई, ओले गिरे। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बेमौसम की बरसात और ओलावृष्टि से कई जिलों में बड़े पैमाने पर गेहूं, चना, सरसों की फसलें खराब हो गईं। कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर समेत कई शहरों में 1 इंच(25MM) तक पानी बरसा। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक आज और कल भी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश और ओले की आशंका है।

जयपुर मौसम केंद्र और जल संसाधन विभाग से जारी रिपोर्ट देखें तो कोटा के चेचट में सबसे ज्यादा 25MM बरसात हुई। रामगंज मंडी, कानावास, सांगोद में भी तेज बारिश के साथ छोटे ओले गिरे। कोटा के अलावा डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, उदयपुर, जालौर, सिरोही, राजसमंद, बाड़मेर में भी कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ आंधी चली। राजसमंद, चित्तौड़गढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ चने जितने बड़े ओले गिरे।

तेज हवाओं से फसलों को नुकसान
बेमौसम बारिश, ओले गिरने और तेज हवाएं (30-40KM स्पीड) चलने से रबी की फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। कोटा, झालावाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद एरिया में गेहूं, चने की फसलों की कटाई चल रही थी। बारिश और तेज हवाओं फसलें खेतों में बिछ गईं। उनके खराब होने की आशंका बढ़ गई। इधर मौसम विभाग की ओर से दो दिन और बारिश और ओले गिरने की चेतावनी ने किसानों की टेंशन बढ़ा दी है।

आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर ने मंगलवार को कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, जोधपुर और उदयपुर जिलों के क्षेत्रों में बादल गरजने के साथ बारिश और कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। अजमेर, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, सिरोही और टोंक में भी कई जगहों पर बारिश के साथ बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आंशका है।

इसके अलावा 8 मार्च को उदयपुर, टोंक, सिरोही, सीकर, सवाई माधोपुर, राजसमंद, कोटा, करौली, झुंझुनूं, जयपुर, डूंगरपुर, धौलपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़ समेत अन्य कुछ जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

इन एरिया में हुई 10MM से ज्यादा बरसात

जगहबारिश
चेचट (कोटा)25
भूंगड़ा (बासंवाड़ा)15
सज्जनगढ़ (बासंवाड़ा)12
बागीडोरा (बासंवाड़ा)11
पिड़ावा (झालावाड़)11
मंडाना (कोटा)10
पचपहाड़ (झालावाड़)10
सलोपत (बांसवाड़ा)10
धम्भोला (डूंगरपुर)9
माउंट आबू9
शेरगढ़ (बांसवाड़ा)9
कुशलगढ़ (बांसवाड़ा)9

प्रदेश के प्रमुख शहरों का आज का तापमान

शहरअधिकतमन्यूनतम
अजमेर3318.5
भीलवाड़ा31.414
अलवर32.114
जयपुर32.818
पिलानी32.815.1
सीकर3015.5
कोटा3217.2
बूंदी32.616.6
चित्तौड़गढ़33.215.6
उदयपुर3115.5
धौलपुर32.211
टोंक3318.3
बारां33.415.1
डूंगरपुर35.816.9
सिरोही32.911.9
करौली32.813.9
बाड़मेर35.721
जोधपुर34.619.6
बीकानेर3419.3
चूरू33.214.5
गंगानगर3315.9
जालौर35.818.1