डीजी एवं राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक राजीव कुमार शर्मा का डीजी एवं उसके समकक्ष और दिल्ली में ही तैनात आईपीएस राजेश कुमार आर्य का केंद्र सरकार में एडीजी एवं उसके समकक्ष पद के लिए एम्पैनलमेंट हुआ है।
आर्य वर्तमान में नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में बतौर एडिश्नल सेक्रेटरी तैनात हैं। केंद्र सरकार में प्रदेश कैडर के आर्य सहित 20 अधिकारी पहले से प्रतिनियुक्ति पर हैं। शर्मा वहां जाते हैं तो यह 21वें अधिकारी होंगे। राज्य कैडर में फिलहाल 194 आईपीएस अफसर हैं।
सीबीआई से सेंट्रल इंटेलिजेंस व एनआईए में पोस्टिंग
केंद्र सरकार में आईएएस अधिकारियों की तरह आईपीएस अफसरों का भी बड़ा दबदबा है। सीबीआई से लेकर सेंट्रल इंटेलिजेंस एवं एनआईए तक में राजस्थान कैडर के अफसरों की पोस्टिंग हैं। राज्य की पहली महिला डीजी नीना सिंह सीआईएसएफ में एडीजी के पद पर तैनात हैं।
वहीं, आईपीएस डीसी जैन सीबीआई में एडिश्नल डायरेक्टर तो राजेश निर्वाण बीएसएफ में बतौर एडीजी तैनात हैं। आईपीएस सत्यप्रिया सिंह के पास केंद्र सरकार में इंटेलिजेंस ब्यूरो में ज्वाइंट डायरेक्टर का जिम्मा है। वहीं डीआईजी केबी वंदना एनआईए में तैनात हैं।
...और भी अफसर, जिनके पास बड़ी जिम्मेदारी
सीआईएसएफ में जोश मोहन आईजी, वहीं, सी. संतोष कुमार तुकाराम, ममता राहुल एवं डॉ. राहुल जैन बतौर डीआईजी तैनात हैं। इसी तरह सीबीआई में डॉ. नीतीन दीप ब्लगन डीआईजी व लवली कटियार एसपी के पद पर हैं।
आईपीएस दीपक कुमार को डीआईजी इंटेलिजेंस, डॉ.अमनसिंह कपूर सेंट्रल डिटेक्टिव इंस्टीट्यूट में निदेशक और राठौड़ विनीत कुमार टी इंटेलिजेंस ब्यूरो में उपसंयुक्त सचिव हैं। भरत राहुल मुंबई में प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स हैं।
वहीं, प्रीति जैन आर्थिक मामलात मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी, दीपक यादव कैबिनेट सेक्रेटेरिएट में अंडर सेक्रेटरी व सत्येंद्र कुमार वन व पर्यावरण मंत्रालय में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।


0 टिप्पणियाँ