दौसा ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के प्रथम चरण सोहना-दौसा खंड का उद्घाटन बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र के धनावड़ गांव में कर सकते हैं। हालांकि अभी अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने इसके संकेत दिए हैं।
इससे पहले 4 फरवरी को नांगल राजावतान स्थित मीणा हाईकोर्ट में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसमें फेरबदल की जानकारी देते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम 12 फरवरी को होगा। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को एक्सप्रेस-वे के प्रथम चरण का उद्घाटन कर लोगों को सुगम आवागमन की सौगात दे सकते हैं।
पूर्व में नांगल राजावतान में प्रधानमंत्री की सभा प्रस्तावित थी। लेकिन अब बांदीकुई क्षेत्र में कार्यक्रम तय हुआ है। हालांकि PM के दौरे को लेकर अधिकृत कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, NHAI द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शनिवार को हाईवे प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ कलेक्टर कमर चौधरी व एसपी संजीव नैन ने भी दौरा किया था।
दौसा से 2 घंटे में पहुंच सकेंगे दिल्ली
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होगा, जिसकी कुल लंबाई 1350 किलोमीटर है। एक्सप्रेस-वे ज्यादा स्पीड वाले वाहनों के लिए बनाया जा रहा है। इस पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन दौड़ सकेंगे। ऐसे में सोहना-दौसा खंड़ के चालू होने के बाद दिल्ली से दौसा तक की यात्रा का समय घटकर 2 घंटे हो जाएगा।
वहीं दिल्ली से मुंबई तक की दूरी 12 घंटे में तय की जा सकेगी, इसमें फिलहाल 24 घंटे का वक्त लगता है।


0 टिप्पणियाँ