सवाई माधोपुर-हेमेन्द्र शर्मा।
आगामी 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दौसा जिले में सिक्स लेन हाईवे का उद्घाटन करेंगे । साथ ही विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटाने के लिए राज्यसभा सांसद डॉ.किरोड़ी लाल मीणा सघन जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में सवाई माधोपुर जिले के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने ग्रामीणों से वार्ता की तथा पीले चावल बांटकर आगामी 12 फरवरी को दौसा आने का निमंत्रण दिया। डॉक्टर किरोडी लाल मीणा ने जानकारी देते हुए कहा कि वे 11 फरवरी तक 40 विधानसभाओं का दौरा करेंगे तथा जनसंपर्क कर ग्रामीणों को दौसा में आयोजित प्रधानमंत्री की जनसभा में पहुंचने का निमंत्रण देंगे । डॉक्टर किरोड़ी ने दावा करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा के लिए 3 से 4 लाख लोगों को एकत्रित करेंगे।