जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
श्रम राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई ने विधानसभा में आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिक कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लंबित आवेदनों की कमियों का शीघ्र सत्यापन करवा कर पात्र आवेदकों को लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। श्रम राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों पर जवाब दे रहे थे। श्रम राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 से 2022 तक मंडल की विभिन्न योजनाओं में श्रमिकों के कुल 7210 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 5226 स्वीकृत कर दिए गए तथा शेष कमियां होने के कारण निरस्त कर दिए गए। इनमें जो कमियां रहीं उनका सत्यापन कर तथा त्रुटियां दुरूस्त कर पात्र आवेदकों को लाभान्वित किया जाएगा। इससे पहले विधायक मदन दिलावर के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में श्रम राज्यमंत्री ने कहा कि भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिक कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को पात्रता के अनुसार मंडल द्वारा लागू विभिन्न योजनाओं में लाभ दिया जाता है। उन्होंने मंडल द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु लागू योजनाओं में देय सहायता राशि का योजनावार विवरण सदन के पटल पर रखा। साथ ही विगत चार वर्षों में विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में पंजीकृत श्रमिकों का वर्षवार विवरणचार वर्षों में योजनावार एवं वर्षवार स्वीकृत आवेदन तथा स्वीकृत राशि का विवरण भी पटल पर रखा।

0 टिप्पणियाँ