जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
गौतम अडानी ग्रुप की तरफ से राजस्थान में होने वाले 65,000 करोड़ रुपए के निवेश पर संशय खड़ा हो गया है। इस पर उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, इस बारे में खुद गौतम अडानी से बात करेंगी। उन्होंने इस मामले पर कुछ और बोलने से इनकार कर दिया। वही अगर हम राजस्थान के लिहाज से बात करें तो बीते साल अक्टूबर में आयोजित हुए इन्वेस्ट राजस्थान समिट के दौरान खुद गौतम अडानी ने राज्य में करोड़ों रुपए के इन्वेस्ट की बात कही थी। अडानी ग्रुप की ओर से राजस्थान में तकरीबन 65,000 करोड़ के निवेश की बात कही गई थी, जिससे करीब 40,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना थी। लेकिन अब इस इन्वेस्ट पर संशय खड़ा हो गया है। माना जा रहा है कि अडानी ग्रुप की ओर से एक बड़ा निवेश सोलर पावर को लेकर किया जाना है। ऐसे में जिस तरह से उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने बयान दिया। उससे सियासी हलकों में चर्चा होने लगी है कि राजस्थान में फिलहाल 65,000 करोड़ का निवेश ठंडे बस्ते में जा सकता है।
क्रिकेट स्टेडियम का वादा।
राजस्थान इन्वेस्ट समिट के दौरान गौतम अडानी ने प्रदेश में क्रिकेट स्टेडियम बनाने की बात कही थी। करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से यह स्टेडियम उदयपुर में तैयार किया जाना था। माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट भी ठंडे बस्ते में जा सकता है। फिलहाल, राजस्थान में अडानी ग्रुप की अलग-अलग कंपनियां संचालित हो रही हैं। बता दें कि रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग के खुलासे के बाद अडानी ग्रुप की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं।

0 टिप्पणियाँ