जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
ऊर्जा विभाग राजस्थान सरकार द्वारा आदेश जारी कर आर. के. शर्मा को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से एक वर्ष की अवधि हेतु उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक के पद पर नियुक्त किया है। आदेश की अनुपालना में आर. के. शर्मा ने विद्युत भवन जयपुर में राविउनि के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। आर. के. शर्मा नवम्बर 2020 से जनवरी 2021 तक उत्पादन निगम के निदेशक (परियोजना) के पद पर रहे तत्पश्चात जनवरी 2021 से अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक के पद का दायित्व सम्भाल रहे हैं। शर्मा को ऊर्जा एवं विद्युत उत्पादन क्षेत्र में कार्य का 39 वर्ष से अधिक अवधि का सुदीर्घ अनुभव है। जिसमें कोटा सुपर थर्मल सूरतगढ़ सुपर थर्मल छबड़ा सुपर थर्मल एवं कालीसिंध सुपर थर्मल आदि पॉवर प्लान्टों में 30 वर्ष से अधिक अवधि तक ऑपरेशन मेंटीनेन्ससी.एण्ड आई. एवं कॉमर्शियल विभागों के क्षेत्र कार्य करते हुए उच्च तकनीकी पदों पर सेवाएं प्रदान की हैं। उन्होंने उत्तर क्षेत्रीय पावर समिति की सुरक्षा प्रणाली उपसमिति में बतौर सदस्य तीन वर्ष तक उत्पादन निगम का प्रतिनिधित्व किया है। वे प्रमुख विद्युत उपकरणों यथा जनरेटर ट्रांसफार्मर की खराबियों की जांच के लिए गठित क्षेत्रीय समितियों के सदस्य भी रहे है। आर. के. शर्मा ने बताया कि उनका मुख्य ध्येय उत्पादन निगम के विद्युत गृहों के सुचारू संचालन राज्य सरकार की बजट घोषणाओं की क्रियान्विति में नई परियोजनाओं के कार्य को गति देना एवं कर्मचारियों की कार्य दक्षता बढ़ाने पर रहेगा।