नागौर ब्यूरो रिपोर्ट।
नागौर जिले में क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज की तर्ज पर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका से तंग आकर उसकी कटार से हत्या कर दी। मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की तो दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस जैसा मामला सामने सामने आया। आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके टुकड़े-टुकड़े किए और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त कटार यानी की तलवार जैसा हथियार से शव के टुकड़े किए थे। डीएसपी विनोद कुमार सिपा ने बताया कि यह घटना नागौर के श्रीबालाजी क्षेत्र की है। आरोपी प्रेमी अनोपाराम 3 दिन पहले यह कबूल कर चुका है कि उसने ही अपनी प्रेमिका गुड्डी की हत्या की है। लेकिन पुलिस के सामने मृतका के शव को बरामद करने की चुनौती बनी हुई है। पुलिस की अब तक की जांच में आरोपी की निशानदेही पर एक मानव जबड़ा, कुछ हड्डियां व बाल बरामद हुए हैं। आरोपी की निशानदेही पर अब आरोपी के गांव डेहरू में ही एक कुएं में शव के टुकड़ों की तलाश की जा रही है।
अब शव के टुकड़े तलाशना बनी चुनौती।
श्रीबालाजी थाना इलाके के बालासर से 22 जनवरी को 30 साल की गुड्डी अपने घर से ससुराल मुंडासर गांव जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद गुड्डी न तो ससुराल पहुंची और न वापस घर आई। परिजन गुड्डी की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। दो दिन बाद 24 जनवरी को श्रीबालाजी थाने में गुड्डी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस बीच यह पता चला कि गुड्डी को अनोपाराम के साथ उसकी बाइक पर नागौर की तरफ जाते हुए एक व्यक्ति ने देखा था। इसके बाद अनोपाराम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ शुरू की तो उसने गुड्डी की हत्या की बात कबूल कर ली। पूछताछ में उसने पुलिस को कई बार गुमराह किया और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके कई टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंकने की बात बताई। आखिर में उसने यह खुलासा किया कि बालवा रोड पर सूनसान जगहों पर उसने शव फेंका है।आखिर हत्या के 12वें दिन नागौर शहर की बालवा रोड पर मानव जबड़ा, ओढ़नी-घाघरा, लंबे बाल मिले, लेकिन पूरा शव अभी भी नहीं मिला। इससे यह साफ हो गया कि आरोपी बार-बार गुमराह कर रहा है, जिसके बाद सघन पूछताछ की जा रही है। इस बीच आरोपी ने कहा कि उसने अपने ही गांव के कुएं में विवाहिता का बाकी शव फेंका है। इसके बाद पुलिस दो दिन से शव के टुकड़ों की तलाश कुएं में कर रही है।
शादी का दबाव बनाने पर मर्डर।
गुड्डी को आखिरी बार अनोपाराम के साथ बाइक पर देखा गया था। इसके बाद से वो गायब थी। गुड्डी और अनोपा राम दोनों शादीशुदा थे। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने बताया कि गुड्डी उस पर शादी का दबाव बना रही थी, इसलिए उसका मर्डर कर दिया। पुलिस हिरासत में अनोपाराम से पूछताछ में एक्सट्रा मैरिटल अफेयर और युवती के शादी का दबाव बनाने पर हत्या का मामला उजागर हुआ।
क्राइम थ्रिलर वेब सिरीज की तर्ज पर मर्डर।
पूछताछ के बाद पुलिस को आशंका है कि आरोपी प्रेमी ने क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज की तर्ज पर इस वारदात को अंजाम दिया है। 22 जनवरी को वह प्रेमिका को अपने साथ ले गया। जिसके बाद हत्या की और शव के टुकड़े कर उसे अलग-अलग जगह छुपाया। अब स्थिति यह है कि शव के अवशेष ढूंढ रही पुलिस को भी आरोपी बार-बार गुमराह कर रहा है। पुलिस का कहना है कि जिस तरीके से आरोपी गुमराह कर रहा है, उससे आशंका है कि उसने क्राइम वेब सीरीज की तर्ज पर घटना को अंजाम दिया है। नागौर डिप्टी विनोद कुमार सिपा का कहना है की आरोपी बेहद चालक है और वह अलग-अलग बातें कर रहा है। शव दस दिन से ज्यादा पुराना होने के कारण अब सड़ने और गलने लगा है।

0 टिप्पणियाँ