सवाई माधोपुर - हेमेन्द्र शर्मा
सवाई माधोपुर केन्द्रीय सहकारी बैंक की 65वीं वार्षिक आमसभा प्रशासक एवं जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में आज बैंक के प्रधान कार्यालय भवन बजरिया में आयोजित हुई। केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रशासक एवं जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने बताया कि यह बैंक सवाई माधोपुर एवं करौली जिलों का सहकारी बैंक होने से सहकारी क्षेत्र की समस्त गतिविधियों का केन्द्र है। बैंक द्वारा अपने कारोबार में विभिन्न ऋण योजनाओं के माध्यम से दोनों जिलो में खरीफ एवं रबी फसलों के लिए अल्पकालीन फसली ऋण एवं अन्य कृषि आधारित कार्य हेतु मध्यकालीन ऋण उपलब्ध कराकर क्षेत्र में कृषि एवं ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में बैंक द्वारा 125.96 लाख रूपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वर्तमान में बैंक 632.37 लाख रूपए के संचित लाभ में है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों की समस्या निस्तारण के लिए 25 से 30 टीमों का गठन किया जाए जो प्रतिमाह उनकी समस्याओं से प्रशासक एवं जिला कलक्टर सवाई माधोपुर को नियमित रूप से बैंक के प्रबन्धक निदेशक के माध्यम से अवगत कराए ताकि उनकी सभी समस्याओं का समय पर निस्तारण किया जा सकें।
प्रबन्धक निदेशक के.एम. मीना ने बताया कि आमसभा में बैंक की समस्त अंशधारी सहकारी संस्थाओं की तरफ से 286 सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी सहकारी संस्थाओ के अध्यक्षों द्वारा लगभग 45 समस्याओ से संबंधित जिनमें मुख्यतया समितियों में खाद बीज की पर्याप्त व्यवस्थापक, फसली बीमा के सर्वे एवं मुआवजे की कार्यवाही शीघ्र करवाए जाने, समितियों को भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायतों से निःशुल्क पट्टा जारी करवाने, खाद बीज के रूप में समितियों के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाने, सवाई माधोपुर मे खाद का रेक पाइन्ट चालू करवाने एवं बैंक के कार्यक्षेत्र जिला करौली से संबंधित समस्याओं के संबंध में हिण्डौन या करौली में मिटिंग रखने आदि के संबंध में सुझाव दिए गए।

0 टिप्पणियाँ