टोंक ब्यूरो रिपोर्ट।
टोंक जिले के देवली में अज्ञात हत्यारों ने एक महिला के दोनों हाथ काटकर चांदी के कड़े लूटकर फरार हो गए। घटना टोंक जिले के देवली थाना क्षेत्र के गांव गांवडी की है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया है। वहीं, घटना की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार मीणा समेत पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा है।पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव गांवडी में अज्ञात हमलावरों ने मृतका लादी देवी गुर्जर के दोनों हाथ चांदी के कड़े लूटने के लिए काट दिए। पुलिस ने बताया कि महिला पीहर में रहती थी। यह घटना उस समय हुई जब महिला खेत पर मवेशियों को चरा रही थी।इसी दौरान हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे, उन्होंने शव को उठाने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के समक्ष परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताया। एसपी ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।