पाली ब्यूरो रिपोर्ट।
पाली जिले की रोहट तहसील स्थित निम्बली में चल रही भारत स्काउट गाइड की 18वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी में विविधता में एकता का मंत्र पग-पग पर गूंज रहा है। देश-विदेश से आए स्काउट गाइड का यह समागम ग्लोबल विलेज की अवधारणा का साक्षात मूर्त रूप बना हुआ है।.जंबूरी में तीसरे दिन मुख्य आकर्षण सैन्य कैंप रहा। यहां साहसिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में स्काउट गाइड का उत्साह देखते ही बन रहा है। तीसरे दिन भी जंबूरी दर्शन के लिए आने वालों का तांता लगा रहा। देश भर से पहुंचे लोगों ने जंबूरी में भ्रमण किया। राष्ट्रीय जंबूरी के तीसरे दिन की शुरुआत सुबह साढ़े छह बजे बीपी सिक्स एक्सरसाइज (ब्रेडन पॉवेल द्वारा प्रतिपादित व्यायाम) के साथ हुई। सुबह साढ़े आठ बजे स्काउट अधिकारियों ने सभी कैंप का निरीक्षण कर ध्वजारोहण किए। इसके बाद असेंबली एक्टिविटी शुरू हुई। इसमें साहसिक, मनोरंजक और बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की गई। साथ ही नाइट हाइक के लिए रजिस्ट्रेशन भी किए गए। तीसरे दिन रंगोली प्रतियोगिता हुई। आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान सहित सभी प्रांतों से आए स्काउट गाइड ने अपने-अपने कैंप में राष्ट्रीयता से सराबोर भावनाओं को रंगों से सजाया। स्काउट अधिकारियों सहित विजिटर्स ने इनका अवलोकन कर स्काउट गाइड का हौंसला बढ़ाया। जंबूरी में सजा भारतीय थल सेना का कैंप सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र रहा। स्काउट गाइड में देश प्रेम की भावना का संचार करने तथा भारत की सैन्य शक्ति से रूबरू कराने के लिए विभिन्न लड़ाकू टैंक्स सहित अन्य सैन्य हथियारों को प्रदर्शित किया गया। इन्हें देख कर शिविरार्थी और आगंतुकों के सीने गर्व से चौड़े हो गए।.जंबूरी में स्काउट गाइड की साहसिक गतिविधियां सभी को अचरज में डाले हुए हैं। जीप साइकिलिंग, बैलेंसिंग, क्लाइम्बिंग और वाटर एक्टिविटी में स्वयंसेवक उत्साह से भाग ले रहे हैं। जंबूरी स्थल पर विभिन्न प्रांतों की प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सभी राज्यों से आए स्काउट गाइड ने अपने-अपने कैंप में संबंधित राज्यों की विशिष्ट हस्तशिल्प सामग्रियों आदि की प्रदर्शनी सजाई है। अपने यहां के विशिष्ट स्थलों की कृतियां भी निर्मित की हैं। उन्हें देखकर लोगों को भारत दर्शन का अहसास हो रहा है।
पाली ने बिछाए पलक पांवड़े।
राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी के तीसरे दिन विभिन्न प्रांतों से आए 500 स्काउट गाइड के दल ने परंपरागत वेशभूषा में पाली शहर का भ्रमण किया। इससे पालीवासियों को मानो भारत दर्शन सी अनुभूति हुई। अतिथि सत्कार के लिए विख्यात पाली ने इन नन्हें पावणों का पलक पांवड़े बिछा कर स्वागत किया। रोहट स्थित जंबूरी स्थल से विभिन्न प्रान्तों के 500 स्काउट गाइड का दल सेवा समिति आश्रम पहुंचा। वहां से भोजन के पश्चात दल बांगड़ विद्यालय खेल मैदान आया। यहां स्काउट-गाइड की रैली को अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन चंद्रभानसिंह भाटी, एडीएम सिलिंग जब्बरसिंह, समाजसेवी महावीरसिंह सुकरलाई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।