जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजभवन में नवनिर्मित संविधान उद्यान एवं इससे जुड़े सौंदर्यीकरण कार्यों का आज लोकार्पण करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु राजभवन में कथौड़ी एवं सहरिया आदिवासी समूहों के साथ संवाद भी करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज प्रातः 11.20 बजे यहां स्थापित मयूर स्तम्भ फ्लैग पोस्ट गांधी प्रतिमा एवं महाराणा प्रताप की अपने घोड़े चेतक के साथ विश्रान्ति मुद्रा में स्थापित प्रतिमा का अवलोकन करेंगी। इसके पश्चात वे संविधान पार्क का लोकार्पण एवं अवलोकन करेंगी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन शिरकत करेंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र की अभिनव पहल पर राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां आमजन में संवैधानिक जागरुकता लाने के लिए राजभवन में संविधान उद्यान स्थापित किया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने 26  जनवरी 2022 को राजभवन में संविधान उद्यान का शिलान्यास किया था। आगंतुकों से कोविड- 19 प्रोटोकॉल की पालना करने और फेस मास्क लगाकर कार्यक्रम में सम्मिलित अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजभवन की आधिकारिक वेबसाइटhttps://rajbhawan.rajasthan.gov.in पर एवं राज्यपाल कलराज मिश्र और राजभवन राजस्थान के ऑफिशियल फेसबुक पेज एवं यूट्यूब पर भी किया जाएगा।