जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

 बीजेपी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। अरुण सिंह ने कहा है कि गहलोत सरकार के जंगलराज के भय से उद्योग नहीं लग रहे हैं तो नौकरी कहां से मिलेगी? गहलोत सरकार से युवा और किसान बहुत आक्रोशित है। गहलोत सरकार से सबसे ज्यादा कोई आक्रोशित हैं तो वे युवा और किसान हैं।दोनों वर्ग इस कदर गुस्सा हैं, कि वे कांग्रेस को ऐसा उखाड़ फेंकेंगे कि अगले 20 साल तक सत्ता में आने की सोचेगी भी नहीं। अरुण सिंह बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

अरुण सिंह ने कहा कि जनाक्रोश यात्रा पूरी तरह सफल रही है। लोगों में सरकाार के प्रति भयंकर आक्रोश है। जनाक्रोश यात्रा में लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर शिकायतें की है।, इन शिकायतों को हमने शिकायत पेटियों में भरा हैं, इन शिकायत पेटियों को मुख्यमंत्री के पास भेजा जाएगा। इन शिकायतों को दूर नहीं किया तो राजधानी जयपुर में इतना बड़ा प्रदर्शन और सभा करेंगे कि मुख्यमंत्री को उसके अगले दिन कुर्सी छोड़नी पड़ेगी।

गहलोत राज में भ्रष्ट अफसरों को पोस्टिंग, अच्छे अफसर किनारे किए
अरुण सिंह ने कहा- गहलोत राज में लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। कल मैं सपोटरा में था, एक बुजुर्ग महिला अपने बेटे की हत्या के दोषियों को नहीं पकड़ने की शिकायत लेकर आई थी। बुजुर्ग महिला तक न्याय को तरस रही हैं। बुजुर्ग को गहलोत न्याय कहां से देंगे, अच्छे अफसरों को किनारे बैठा रखा है और भ्रष्ट अफसरों को प्राइम पोस्टिंग दे रखी है। कांग्रेस सरकार के मुखिया और मंत्रियों की नीयत में खोट है। नीयत में बेईमानी है, न्याय की दूर की बात है।

4 साल में 16 बार भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए
अरुण सिंह ने कहा- गहलोत सरकार में जंगलराज का आलम क्या है इसी बात से अंदाजा लगा सकते हैं कि 4 साल के शासन में 16 बार पेपर लीक हुए हैं। पेपर लीक गैंग से जुड़े लोग खुले घूम रहे हैं। गहलोत सरकार के 4 साल के शासन में 16 बार पेपर लीक हुए हैं। अगर अब से पहले पेपर लेकर के आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो जाती तो लाखों अभ्यर्थियों के सपनों पर पानी नही फिरता।

जनाक्रोश यात्रा गहलोत सरकार की विदाई का कारण बनेगी
अरुण सिंह ने कहा- गहलोत सरकार के विरोध में जनाक्रोश यात्रा लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूरी हो चुकी है। यह यात्रा जन-जन की यात्रा बन चुकी है। 1 लाख 15 हजार किलोमीटर चलकर जनाक्रोश यात्रा ने देश की में इतिहास बनाया है। यह पहली ऐसी यात्रा है जिसने इतना लंबा सफर तय किया है।
अरुण​ सिंह ने कहा- राजस्थान में जन आक्रोश यात्रा ऐतिहासिक रही है, राजस्थान में यात्रा को भारी समर्थन मिला है। जनाक्रोश यात्रा गहलोत सरकार की विदाई का प्रमुख कारण बनेगी। जनाक्रोश यात्रा की सफलता से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लेकर उनके मंत्री विधायकों तक हिले हुए हैं,इसलिए जनाक्रोश यात्रा को लेकर अनर्गल बयानबाजी करते हैं।