बूंदी ब्यूरो रिपोर्ट।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए एक दलाल को गिरफ्तार किया है। यह दलाल आरएएस अधिकारी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग बूंदी के नाम से रिश्वत ले रहा था। जानकारी के अनुसार कोटा में बन रहे नॉर्दन बाइपास के फेज दो के निर्माण के लिए भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया चल रही है। यह भूमि अवाप्ति का कार्य एडीएम सीलिंग बूंदी के पास है। नॉर्दन बाइपास के फेज दो में एक किसान की जमीन अवाप्त की गई थी। उसी के मामले को ऑनलाइन अपलोड करने के संबंध में उससे रिश्वत मांगी जा रही थी। इस संबंध में किसान ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि बूंदी के गुरुनानक कॉलोनी निवासी प्रभाकर शर्मा 2 लाख की रिश्वत मांग रहा है। साथ ही वह अपने आप को एडीएम सीलिंग बूंदी का कार्मिक बता रहा है।शिकायत का सत्यापन शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने किया। जिसके बाद एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए प्रभाकर शर्मा को एसीबी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। वर्तमान में एडीएम सीलिंग बूंदी का पद रिक्त चल रहा है और इसका एडिशनल चार्ज अन्य अधिकारी को दिया हुआ है। ऐसे में उक्त अधिकारी की इस मामले में भूमिका है या नहीं इसकी भी पड़ताल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो करेगा। साथ ही गिरफ्तार आरोपी प्रभाकर शर्मा को संविदा कार्मिक बताया जा रहा है। इस संबंध में भी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम पड़ताल कर रही है।

0 टिप्पणियाँ