जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कोविड संक्रमण की संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश में आयोजित होने वाले मेलों और उत्सवों में कोविड प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना की जाएगी। राजस्थान राज्य मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रमेश बोराणा ने प्रदेश के सभी संभागीय आयुक्त जिला कलेक्टर पुलिस उप महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर कहा कि कोविड संक्रमण की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व सुरक्षा उपाय के रूप में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए। बोराणा ने कहा कि मेलार्थियों और आम जनजीवन की सुरक्षा को वरीयता देते हुए मेलों उत्सवों और अन्य आयोजनों में हिस्सा लेने एवं प्रबंधन में लगे लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही मेले के अतिरिक्त भीड़-भाड़ वाले और विशेष दिवस पर श्रद्धा स्थल और मेला क्षेत्र में सुरक्षात्मक प्रवेश दिया जाए।राजस्थान राज्य मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने आमजन से अपील की है कि वे मेलों और उत्सवों में कोविड नियमों की पालना कर मानव जीवन को सुरक्षित करने में सहयोग करें।