सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।
गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड के सभी आरोपियों को हरियाणा बॉर्डर से दबोच लिया गया। ये आरोपी शनिवार को सीकर में गैंगस्टर की हत्या के बाद फरार हो गए थे। जिसके बाद से ही पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी। बताया गया कि हत्यारों की तलाश में सीकर, झुंझुनू और चूरू की पुलिस पूरी रात लगी रही और इस दौरान खेतड़ी, नीमकाथाना सहित कुल 15 स्थानों पर दबिश दी गई। रविवार की सुबह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल सभी पांचों बदमाशों को हरियाणा के डाबला बॉर्डर से राउंडअप किया है।मुठभेड़ के बाद पकड़े गए बदमाशों से हरियाणा बॉर्डर के पास राजस्थान पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर कई राउंड फायरिंग की। जवाबी फायर में दो बदमाशों के पैर पर गोली लगी। जिसके बाद बदमाशों को दबोचा गया और दोनों घायल बदमाशों का अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है। इसके अलावा शेष तीन बदमाशों से पुलिस के आला अधिकारी लगातार पूछताछ करने में जुटे हैं।
सीएम ने किया ट्वीट।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने हमलावरों के पकड़े जाने की पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि कल सीकर में हुए हत्याकांड के 5 आरोपियों को मय हथियार एवं वाहन गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी आरोपियों को त्वरित ट्रायल कर अदालत के द्वारा जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा। डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए पांचों बदमाशों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और कारतूस के साथ ही झुंझुनू से लूटी गई क्रेटा कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस पकड़े गए सभी बदमाशों से पूछताछ कर रही है। साथ ही सीकर में एडीजी क्राइम डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने प्रेसवार्ता कर पूरी वारदात का खुलासा किया। मेहरडा ने बताया कि गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड को अंजाम देने वाले सीकर जिले के निवासी मनीष जाट, विक्रम गुर्जर के अलावा हरियाणा के भिवानी जिले के निवासी सतीश कुम्हार, जतिन मेघवाल और नवीन मेघवाल को दबोचा गया है। इधर डीजीपी ने बदमाशों को पकड़ने वाली पूरी पुलिस टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही टीम को लीड करने वाले जयपुर रेंज आईजी उमेश दत्ता और सीकर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप की भी उन्होंने पीठ थपथपाई है।
शनिवार को गैंगस्टर की गई हत्या।
सीकर बॉस के नाम से कुख्यात गैंगस्टर राजू ठेहट की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना के बाद से ही पूरे प्रदेश में हड़कम्प मच गया था। आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। इस हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली थी। उसने इसे 'बड़े भाई आनंदपाल' की हत्या का बदला करार दिया था। वारदात का वीडियो बना रहे एक व्यक्ति को भी हत्यारों ने गोली मार दी थी।