करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
सांसद डा. मनोज राजोरिया ने सोमवार को करौली जिले की सपोटरा तहसील के डाबरा ग्राम में श्री क्षेत्रपाल धाम पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस आयोजन में आमबस्ती डाबरा द्वारा सांसद डा. मनोज राजोरिया का 151 मीटर का साफा पहना कर और माला पहनाकर स्वागत किया। सांसद डा. मनोज राजोरिया ने बताया कि क्षेत्रपाल बाबा सिर्फ डाबरा ही नही सम्पूर्ण सपोटरा क्षेत्र के लिए आस्था का प्रतीक है। सपोटरा तहसील एवं आस - पास क्षेत्र के सभी लोग इस देवस्थान से जुडे हुए हैं।
इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से ही हमारी धर्म के प्रति आस्था बनी रहती है और सामाजिक समरसता भी मजबूत होती है। इन प्रकार के आयोजनों से समाज के सभी लोगों में आपसी प्रेमभाव बढता है। सांसद डा. मनोज राजोरिया ने बताया कि आमजनता डाबरा और श्री क्षेत्रपाल भक्त मण्डल की ओर से उठायी मांग पर मैं सांसद कोष से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 02 हॉल के निर्माण हेतु 10 लाख रूपये की घोषणा करता हूँ। जिससे विद्यालय के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी। आज के इस धार्मिक आयोजन में सांसद डा. मनोज राजोरिया के अतिरिक्त भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया, अमृत लाल मीना सेवानिवृत्त आई.ए.एस., पी.आर. मीना. सेवानिवृत्त आई.ए.एस., पी.सी. मीना सेवानिवृत्त आई.ए.एस., गिर्राज प्रसाद मीना सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, गजेन्द्र सिंह अडूदा, मुरारी लाल पाकड, रूप सिंह मीना, प्रहलाद मीना, चन्द्रकला मीना, रूप सिंह मीना कुडगांव, आशाराम मीना, भंवर सिंह राजपूत, श्रीलाल मीना जिला परिषद सदस्य, चन्दन बिडरवास पंचायत समिति सदस्य आदि अन्य भाजपा कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में आमजनता उपस्थित रही।

0 टिप्पणियाँ