जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के गायों में लगातार फैल रहा लंपी रोग को लेकर सीएम अशोक गहलोत ने चिंता जताई है। सीएम गहलोत ने पशुपालकों से अपील की है कि पशुओं को लंपी बीमारी से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करें। सीएम गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि गोवंश में फैल रहा लंपी रोग अत्यंत संक्रामक है। राज्य सरकार इसकी रोकथाम और बचाव के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। अपने पशुओं को इससे बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करें। पशुओं में इस रोग के लक्षण नजर आने पर नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था में सम्पर्क करें। गहलोत ने कहा कि गोवंश को लंपी स्किन रोग से बचाने के लिए सावधानी और सतर्कता बेहद जरूरी है।
रोग के लक्षण।
बताया जा रहा है कि इस रोग के कई लक्षण है। जिसमें बुखार, वजन कम होना, लार निकलना, आंख और नाक का बहना, दूध का कम होना, शरीर पर अलग-अलग तरह के नोड्यूल दिखाई देना शामिल है। इसके साथ ही इस रोग में शरीर में गांठें भी बन जाती हैं। साथ ही ये भी देखने को मिला है कि, इससे मादा मवेशियों को बांझपन, गर्भपात, निमोनिया और लंगड़ापन झेलना पड़ जाता है।