सवाई माधोपुर-हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आधा दर्जन हथियारबंद हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपी सुरवाल निवासी नमो नारायण मीणा उर्फ दस्ती, शेषा निवासी सिराज खान , रेलवे कॉलोनी निवासी फिरोज राणा , मगरूफ , छुगानी होटल निवासी जावेद तथा जड़ावता निवासी शंकर मीणा उर्फ जोगा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक रिवाल्वर, दो पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, स्लेटी रंग की बिना नंबर की कार और 6 मोबाइल जप्त किए हैं। पुलिस उपाधीक्षक शहर राजवीर सिंह ने बताया कि कोतवाली थाने के सामने आईजी व एसपी के निर्देशन में आकस्मिक नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान एक कार में सवार होकर आए लोग पुलिस को देख कर कार बैक करने लगे। इस पर कोतवाली थाने के जाप्ते ने कार का पीछा किया तथा यातायात नाके पर पुलिस को सूचना दी। यातायात पुलिस व कोतवाली थाना पुलिस के जाप्ते ने पीछा कर तथा घेरकर कार को रोक लिया। कार की तलाशी ली तो उसमें 6 हार्डकोर अपराधी मिले। कार में बैठे अपराधी इनामी व कुछ मुकदमों में वांछित है। इनके पास हथियार मिले हैं। आरोपी सद्दाम गैंग व बाबा गैंग के लिए काम करते हैं। आरोपी मानटाउन थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित भी हैं। इनके खिलाफ व्हाट्सएप, फेसबुक पर हथियारों के साथ फोटो लगाने का आरोप भी है। आरोपी हार्ड कोर अपराधी सद्दाम बिहारी के लिए काम करते हैं। सद्दाम बिहारी उक्त आरोपियों को हथियार सप्लाई करता है। पुलिस सद्दाम बिहारी की तलाश कर रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने आरोपी नमो नारायण मीणा से एक पिस्टल व चार कारतूस, फिरोज राणा से एक 315 बोर का कट्टा व सात कारतूस मगरूफ से एक पिस्टल जप्त की है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, अनुसूचित जाति अत्याचार प्रकरण तथा आर्म्स के मुकदमे दर्ज है। एक दिन पूर्व ही पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी प्लाट पर कब्जा करने की फिराक में है। पुलिस आरोपियों की गतिविधि पर नजर जमाए थी। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।