जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश में पिछले दो साल से बंद छात्र संघ चुनाव करवाए जाने की मांग तेज होने लगी है। इसी मांग को लेकर छात्रसंगठन एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात  की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। चौधरी ने ज्ञापन में कहा कि कोविड के कारण पिछले दो साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं हो पाए हैं, अब परिस्थितियां सामान्य हो रही हैं और छात्रसंघ चुनाव को राजनीति की पहली पाठशाला माना जाता है। आपने खुद छात्रसंघ चुनाव से ही अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने सीएम गहलोत को बताया कि प्रदेश में पंचायत चुनाव, स्थानीय निकाय चुनाव, के साथ विधानसभा चुनाव हुए हैं लेकिन छात्रसंघ चुनाव नहीं हो पाए। पूरे प्रदेश भर के युवाओं की मांग है कि इस सत्र में छात्रसंघ चुनाव करवाए जाएं जिससे प्रदेश की छात्र शक्ति को मजबूती मिले और छात्र छात्राओं के मुद्दों को मजबूत नेतृत्व मिल सके। आपको बता दे, कि पिछले काफी समय से विवि के छात्रनेता छात्रसंघ चुनाव करवाए जाने की मांग कर चुके हैं। छात्रनेता लोकेंद्र रायथुलिया ने इसी मांग को लेकर विवि में प्रदर्शन करने के साथ ही कई दिनों तक धरना भी दिया था, जिसे प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया था।