जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
सांसद किरोड़ी लाल मीणा की पत्नी गोलमा देवी ने मंत्री रमेश मीणा पर गंभीर आरोप लगाए है। गोलमा देवी आरोपों के साथ ग्रामीण विकास और पंचायतीराज राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा से मिलीं और उनको रमेश मीणा के खिलाफ शिकायती पत्र सौंपा। गुढ़ा ने इस शिकायत को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही है। गोलमा देवी ने बताया कि सपोटरा में रमेश मीणा ने भ्रष्टाचार मचा रखा है। सरपंचों, ठेकेदारों और पुलिस वालों से बंधी लेता है और भ्रष्टाचार करके घर भर लिया। गोलमा ने अपने देसी अंदाज में यह तक कह दिया कि मुझे राजेंद्र गुढ़ा पर पूरा विश्वास है। इसलिए मैं इनके पास आई हूं और यह मुख्यमंत्री से बात करके रमेश मीणा पर कार्रवाई करवाएंगे। यदि नहीं करवाएंगे तो मैं इनके यहां और मुख्यमंत्री निवास पर भी धरना दूंगी। दरअसल पिछले दिनों जब भाजपा राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा को धमकी भरा पत्र मिला था। तब उनके घोर विरोधी माने जाने वाले मंत्री रमेश मीणा ने कहा था कि किरोड़ी लाल मीणा तो खुद आपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं और उन पर मुकदमे चल रहे हैं। उन्हें तो खुद कानून के हवाले कर देना चाहिए। कहीं ना कहीं रमेश मीणा के इसी बयान से नाराज होकर अब किरोड़ी की पत्नी गोलमा देवी ने रमेश मीणा के खिलाफ मोर्चा खोला है। मीडिया के सवाल के जवाब में गोलमा देवी ने इस बात को स्वीकार भी किया और यह भी कहा कि उनके साहब (किरोड़ी मीणा) पर रमेश मीणा बेवजह आरोप लगाता है। गोलमा ने कहा भ्रष्टाचार से पैसा कमा कर रमेश मीणा घर भर रहा है और चुनाव जीतता है। लेकिन अब मैं उससे लडूंगी और उसकी पोल खोलूंगी। इधर ग्रामीण विकास व पंचायतीराज राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि गोलमा देवी पूर्व में हमारे साथ सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। काफी नेक महिला हैं और दिल से बोलती हैं। गुढ़ा ने कहा कि उन्होंने जो कागज दिए हैं, उन्हें मैं देख लूंगा और मुख्यमंत्री तक पहुंचाऊंगा।

0 टिप्पणियाँ