अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट।
किशनगढ़ के टोंकड़ा गांव का लाल भारतीय सेना का जवान नायक भागचंद गुर्जर पेट्रोलिंग करते समय भारत चीन बोर्डर पर शहीद हो गया। उनकी पार्थिव देह किशनगढ़ पहुंच गई है । गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। नायक भागचंद राष्ट्र की रक्षा करते हुए ओरक (अरुणाचल प्रदेश) में मंगलवार को शहीद हो गए हुए। वे भारतीय सेना की 21 राजपूत रेजिमेंट में थे। शहीद नायक भागचंद के परिवार में उनकी पत्नी वीरांगना मायादेवी एवं दो बच्चे यश और लक्ष्मी हैं। नायक भागचंद के चार भाई हैं। वे इनमें सबसे छोटे थे। बड़े भाई नंदाराम गुर्जर ने बताया कि बीते माह ही एक महीने की छुट्टी पर भागचंद गांव आए थे। छुट्टी पूरी होने पर 26 जून को वापस चले गए। भाई नंदाराम ने बताया कि 21 साल की उम्र में ही भागचंद की सेना में नौकरी लग गई थी। उन्होंने करीब साढ़े तेरह साल देश सेवा की। उन्होंने स्कूली शिक्षा गांव में पूरी की और कॉलेज शिक्षा किशनगढ़ के राजकीय महाविद्यालय से पूरी की।