जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने कार्रवाई करते हुए कस्टम ने करीब 2 किलो 170 ग्राम से ज्यादा सोना पकड़ा है। जो तार (वायर) की फॉम में 2 ट्रॉली बैग में छुपाकर लाया गया। इस सोने की कीमत करीब 1.12 करोड़ रुपए से ज्यादा है। कस्टम अधिकारियों ने इस मामले में एक युवक काे भी गिरफ्तार किया है।कस्टम कमीश्नर राहुल नांगरे के निर्देशन में ये कार्रवाई असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण और उनकी टीम ने की। असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण ने बताया कि बीकानेर एरिया का रहने वाला युवक 36 साल का है। वह साउदी अरब की राजधानी रियाद में मजदूरी का काम करता है। पिछले साल सितम्बर में ही काम के सिलसिले से रियाद गया था। आते वक्त उसे रियाद एयरपोर्ट पर ही उसके एक परिचित ने ट्रॉली बैग दिए थे। कहा- ये बैग जयपुर एयरपोर्ट के बाहर उसका परिचित उससे ले लेगा, जिसके बदले उसने एयर टिकट भी करवाकर दिया था। असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि एयर अरेबिया की शारजहां वाली फ्लाइट्स से आए युवक के बैग की जब एक्सरे मशीन से स्कैनिंग की गई तो उसमें मेटल के वायर क्षेत्र में कुछ सस्पेक्ट वस्तु दिखी। उसके बाद जब युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि बैग घरेलु सामान के अलावा और कुछ नहीं है। बैग जब खोलकर देखा तो उसमें घरेलु सामान के अलावा और कुछ नहीं मिला। बैग को पूरा खोलकर उसके सामान बाहर निकालने के बाद जब देखा तो उसमें कुछ नहीं दिखा। फिर ट्रॉली बैग के नीचे हिस्से को कटर मशीन से काटा तो उसका बेस फ्रेम लोहे का चोकोर शेप में था। उसे बाहर निकाला। इसी फ्रेम के चारो और रेडियम कोटिंग में सोने की वायर को लगा रखा था। दोनों बैग से 4 वायर बरामद हुई, जिसका जब वजन किया तो वह 2 किलो 170.300 ग्राम निकला। इसकी मार्केट वैल्यू जब निकाली गई तो वह 1 करोड़ 12 लाख 20,451 रुपए निकली।