भीलवाड़ा ब्यूरो रिपोर्ट।
भीलवाड़ा जिले के आसींद कस्बे में एक लड़की और लड़के के होटल के कमरे में संदिग्ध पाए जाने के बाद हंगामा हो गया। दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। वहीं लड़की के समाज के लोगों में काफी आक्रोश है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद लड़की के समाज के लोगों ने थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और लड़के को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। घटना को देखते हुए कस्बे के बाजार बंद हो गए हैं और जगह-जगह पुलिस का जाब्ता तैनात है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और गैंगरेप की धारा में मामला दर्ज किया है। दरअसल इस मामले के सामने आने के बाद सैकड़ों की संख्या में लड़की के समाज के लोग आसींद कस्बे में पहुंच गए और आरोपी युवक को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग को लेकर आसींद थाने के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं स्थिति को देखते हुए शहर के व्यापारियों ने स्वत: ही बाजार बंद कर दिए। सूचना मिलते ही आसींद थाना प्रभारी सतीश मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने संबंधित लड़की के समाज के लोगों से समझाइश की।
यह है पूरा मामला।
आसींद थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ आसींद बस स्टैंड के पास एक होटल के कमरे में मिली। जहां होटल के आसपास लोगों को शंका हुई तो लोगों ने होटल के कमरे से युवक को बाहर निकालकर जमकर पिटाई कर उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही लड़की के समाज के लोग भी काफी संख्या में आसींद पहुंच गए और आसींद थाने के बाद एकत्रित होकर संबंधित युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे।

0 टिप्पणियाँ