बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शहरी पुनर्गठित जल प्रदाय योजना के तहत बीकानेर में 614 करोड़ की योजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीकानेर पहुंचकर महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की गांधी प्रतिमा का अनावरण करते हुए अहिंसा पार्क, ऑडिटोरियम और स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का उद्घाटन किया।कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी नीतियां देश में एक पार्टी के शासन की है और वह भाजपा के लिए है। उन्होंने कहा कि लोग बोलते हुए डरते हैं क्योंकि इनकम टैक्स, ईडी और अन्य एजेंसियों की कार्रवाई का खतरा रहता है। देश में दम घुटने जैसे हालात पैदा हो रखे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जीएसटी के लागू होने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जीएसटी को लागू किया गया, ऐसा महसूस कराया गया कि देश को दूसरी बार आजादी मिली है। जबकि यूपीए सरकार के समय जीएसटी को लागू करने की बात थी। अब आटा दाल पर जीएसटी की बात सामने आ रही है और यह तर्कसंगत नहीं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ERCP का जिक्र करते हुए कहा कि देश में 16 परियोजनाएं राष्ट्रीय परियोजना के रूप में हैं, लेकिन राजस्थान से एक भी परियोजना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस योजना को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीकानेर की रेल फाटकों की समस्या को लेकर कहा कि उनकी सरकार के समय पूर्व में इसके लिए बजट जारी किया गया था। लेकिन बाद में प्रदेश में भाजपा की सरकार आ गई और मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लेकिन अब इसको लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।