जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
नगर निगम जयपुर हैरिटेज में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पार्षदों द्वारा नव नियुक्त आयुक्त विश्राम मीना का स्वागत किया गया, वहीं निवर्तमान आयुक्त अवधेश मीना को जोधपुर विकास प्राधिकरण में स्थानांतरण होने पर महापौर मुनेश गुर्जर की उपस्थिति में भाववीनी विदाई दी गयी।इस अवसर पर महापौर मुनेश गुर्जर ने कहा कि गत सवा साल में निगम हैरिटेज में कई चुनौतियों का मिलकर समाधान किया है। आशा है आने वाले समय में भी निगम हैरिटेज में अच्छा काम होगा। महापौर ने नये आयुक्त विश्राम मीना का स्वागत करते हुए सहयोग से काम करने एवं अवधेश मीना के उज्जवल भविष्य की कामना की। आयुक्त विश्राम मीना ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का परिचय लेते हुए कहा कि सभी अधिकारी , कर्मचारी को टीम भावना से निगम हैरिटेज में अच्छा कार्य करना है। उन्होंने प्रशासन शहरों के संग अभियान, इंदिरा रसोई, शहरीय रोजगार गारंटी योजना, साफ-सफाई व अन्य निर्माण कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर लोगों की प्राप्त शिकायतों व अन्य कार्यों का समय पर निस्तारण करने का प्रयास करें । उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों द्वारा स्वच्छ प्रतिस्पर्धा के साथ काम किया जाए, इसके लिए रैंकिंग सिस्टम लागू किया जायेगा। मीना ने निर्देश दिये कि मानसून के दौरान नालों के चोक होने के कारण शहर में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है इसलिए जो नाले साफ होने शेष रहे हैं, उन्हें तत्काल साफ करवाएं । उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे हों, जिसका लाभ जनता को मिल सके। इस अवसर पर निवर्तमान आयुक्त अवधेश मीना ने कहा कि निगम हैरिटेज में आज अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अच्छी टीम है। यहां पर एक वर्ष पहले काम की कई चुनौतियां थी जिनका मिलकर समाधान किया व कई नये प्रोजेक्ट शुरू कर आगे बढ़ाये।

0 टिप्पणियाँ