अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट।
अजमेर दरगाह के अजुंमन सैय्यद जादगान के सचिव सैय्यद सरवर चिश्ती के पुत्र आदिल चिश्ती का कथित विवादित बयान सामने आया। जब वीडियो सामने आया तो शहर में चर्चा शुरू हो गई और पुलिस ने मामले में पड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद बुधवार रात आदिल चिश्ती ने माफी भी मांग ली। गत दिनों आदिल चिश्ती ने एक वीडियो 23 जून को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपूर शर्मा सहित हिन्दू देवी देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बयानबाजी की। जब यह वीडियो चर्चा में आए और पुलिस को पता चला तो पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी। इसके बाद बुधवार रात आदिल ने फिर से एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि उसकी मंशा किसी की धार्मिक भावना आहत करने की नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो को कांट-छांट कर प्रसारित किया जा रहा है। उसे पूरा देखें, अधूरा नहीं। फिर भी अगर किसी हिन्दू भाई बहनों की धार्मिक भावना आहत हुई तो माफी चाहता हूं।गौरतलब है कि इससे पूर्व अजुंमन सैय्यद जादगान के सचिव सैय्यद सरवर चिश्ती भी नुपूर शर्मा, सकल हिन्दू समाज को लेकर विवादित बयान दे चुके है और पुलिस व प्रशासन की ओर से उनको पाबंद करने की कार्रवाई शुरू की गई है।इस सम्बन्ध में बात करने पर SP चूनाराम जाट ने कहा कि वीडियो की बात सामने आई है और  एएसपी विकास सागवान को जांच के लिए निर्देश दिए है। वहीं, इस सम्बन्ध में  एएसपी सागवान ने कहा कि वीडियो को देखा जाएगा और उसके अनुरूप नियामानुसार कार्रवाई की जाएगी।