सिरोही ब्यूरो रिपोर्ट।
सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाना पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दिल्ली व मुम्बई की दो युवतियों समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक लंबे समय से आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में देह व्यापार की शिकायत मिल रही थी। इस पर पुलिस ने गुरुवार रात को सीओ माउंट आबू योगेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक बोगस ग्राहक बनाकर एक दलाल से संपर्क किया। दलाल ने एक होटल में आने कहा, जहां रुपए को लेकर बातचीत हुई। इस पर बोगस ग्राहक की ओर से ऑनलाइन पैमेंट डाला गया। इसके बाद पुलिस ने होटल में दबिश दी। जहां से दो युवतियों को पकड़ा है। वहीं होटल के कर्मचारी मांगीलाल देवासी, दलाल आनन्द सिंह व मंगलसिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।