जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर जिला परिषद की आज हुई बैठक में बड़ा हंगामा देखने को मिला। चाकसू पंचायत समिति की प्रधान के पति की प्रताड़नाओं से परेशान होकर वहां की ब्लॉक डवलपमेंट ऑफिसर ( बीडीओ ) कृष्णा माहेश्वरी भरे सदन में फूट-फूट कर रोने लगी। उन्होंने सदन में जिला परिषद सीईओ से अपना ट्रांसफर करवाने की मांग कर दी। जिला प्रमुख रमा देवी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में जब चाकसू पंचायत समिति की बीडीओ को उनके क्षेत्र के बारे में पूछा तो उन्होंने अपनी परेशानी बताना शुरू कर दिया। बीडीओ ने चाकसू प्रधान उगंता चौधरी का पति बद्रीनारायण चौधरी पर आरोप लगाए कि वे महिलाओं पर टिप्पणी करते है, ऑफिस के एक-एक कमरे में जाकर फाइलों को बिना पूछे देखने लगते है उन्हें खुर्दबुर्द करने लगते है। पंचायत समिति में भय का माहौल है यहां अब कोई काम नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मुझे इतना प्रताड़ित किया गया कि मैंन मानसिक तनाव में आ गई और मुझे 2 महीने छुट्टी लेकर जाना पड़ा। इस बीच मैंने ट्रांसफर की कोशिश की, लेकिन नहीं हुआ तो वापस ज्वाइन करना पड़ा। बीडीओ जिला परिषद की बैठक में ही फूट-फूट कर रोने लगी। तभी उनकी दूसरी साथी वहां आई और उन्होंने उसे संभाला। इसके बाद उन्हें संभालने वाली अधिकारी ने भी पंचायतों में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच करवाने की मांग की। बीडीओ के आरोप पर चाकसू प्रधान उगंता चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि बीडीओ हमे अनपढ़-गंवार कहती है और बात-बात पर धमकाती है। उन्होंने बीडीओ पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए इसके कार्यो की जांच की मांग की। इस पूरे बवाल के बाद जिला परिषद सीईओ जसवीर सिंह ने मामले की जांच के आदेश दे दिए।

0 टिप्पणियाँ