झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ पुलिस विभाग द्वारा अब स्कूली छात्राओं व महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले मनचलों व छेड़खानी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम लगाने के लिए आज से निर्भया स्क्वाड टीम की शुरुआत की गई। जिसे झालावाड़ पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्भय स्क्वायड टीम में स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी शहर के संवेदनशील तथा महिलाओं की अधिक मौजूदगी वाले स्थलों पर नजर रखेगी। मामले की जानकारी देते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने बताया कि स्कूली छात्राओं, महिलाओं व किशोरियों से छेड़खानी वह फब्तियां कसने की घटनाएं कई मर्तबा सुनने को मिलती है। हालांकि अधिकांश मामलों में महिलाएं व छात्राएं पुलिस को इन बातों से अवगत नहीं करा पाती। ऐसे में झालावाड़ पुलिस विभाग द्वारा मनचलों पर प्रभावी लगाम लगाने के लिए निर्भया स्क्वायड टीम का गठन किया गया है। जिसे आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस टीम में स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी शामिल रहेंगी, जो शहर के गार्डन, कोचिंग सेंटर्स, सब्जी मंडी तथा कॉलेज के बाहर नजर रखेगी। जिससे कोई भी मनचले युवक महिलाओं और छात्राओं के साथ अभद्रता अथवा छेड़खानी की हरकतें ना कर पाए। एसपी मोनिका सेन ने आमजन से भी अपील की है कि महिला उत्पीड़न के मामलों को छुपाए नहीं और पुलिस को हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देकर मदद लें।