चितौडग़ढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।
पुलिस थाना खाली नहीं करने के विरोध मे चित्तौड़गढ से भाजपा के जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ मंगलवार धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि थाना के लिए भवन किराए पर दिया गया था। मगर पुलिस विभाग ने 10 साल से न किराया दिया और न टैक्स चुकाया। जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ ने बताया कि जिला परिषद के जल ग्रहण गौ संरक्षण डिपार्टमेंट का ऑफिस जिला परिषद की संपत्ति है। 10 साल पहले एक एग्रीमेंट तैयार कर पुलिस को ऑफिस में थाना शुरू करने दिया था। इसके बदले 24 हजार 713 हर महीने किराया देना तय किया था। एग्रीमेंट में हर साल 10 प्रतिशत किराया बढ़ाने का भी लिखा था। लेकिन आज तक थाने ने न किराया चुकाया और न ही भवन खाली करवाया। जिला प्रमुख धाकड़ ने फरवरी में थाना खाली करने का नोटिस दिया था। उन्होंने 10 साल में 30 लाख रुपए के साथ टैक्स और बढ़ोतरी के 10 प्रतिशत हर साल के जोड़ने के बाद 60 लाख रुपए चुकाने को कहा था। मगर अभी तक किराया नहीं चुकाने पर जिला प्रमुख धाकड़ ने सदर थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किराया नहीं देने पर दूसरे भवन में शिफ्ट करने को कहा। मौके पर डिप्टी बुद्धराज, सदर थानाधिकारी हरेंद्र सिंह सोढा और पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। जिला प्रमुख धाकड़ ने बताया कि जिला परिषद में सिर्फ एक ही कमरा है, जिसमें सब एडजस्ट कर रहे हैं। जिला परिषद कार्यालय को भी एक स्थान की जरूरत है जो कि नहीं मिल पा रहा है। आमजन में पुलिस का डर होना चाहिए वहीं पुलिस खुद नियमों को तोड़कर अवैध कब्जा करके बैठी है। लोग अवैध कब्जे को हटाने के लिए पुलिस के पास फरियाद लेकर आते हैं। लेकिन जब पुलिस खुद किए करेगी तो लोग कैसे यकीन करेंगे।

0 टिप्पणियाँ