जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्यसभा चुनावों में सरकार पर जासूसी के आरोप लगाने के साथ ही भाजपा ने अब आक्रामक रुख दिखाना शुरू कर दिया है। भाजपा के नेता बाड़ेबंदी वाले रिसॉर्ट के बाहर पुलिस को देखकर नाराज हो गए और उन्हें वहां से तत्काल जाने को कहा। जब सुरक्षा का हवाला देकर पुलिस वालों ने जाने से इनकार किया तो भाजपा विधायक रामलाल शर्मा ने नाराजगी जताते हुए जयपुर कमिश्नर से बात की और सख्त लहजे में चेताया। भाजपा नेताओं का दबाव बढ़ते देख पुलिसकर्मी रिसॉर्ट के बाहर से वापस लौट गए। जामडोली के जिस रिसॉर्ट में भाजपा की बाड़ेबंदी है, वहां आज ही पुलिस लगाई गई थी। बीजेपी नेताओं को जब रिसॉर्ट के बाहर पुलिस पहुंचने की सूचना मिली तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। रामलाल शर्मा रिसॉर्ट से बाहर आए और पुलिसकर्मियों से पूछा कि आपको यहां किसने बुलाया? पुलिसकर्मियों ने वीआईपी डयूटी का हवाला दिया और कहा कि अफसरों के कहने पर आए हैं, उनके आदेश के बिना नहीं जाएंगे। इस पर रामलाल शर्मा ने वरिष्ठ अफसरों से बात कर नाराजगी जताई। कुछ ही देर बाद पुलिसकर्मियों के पास वापस लौटने का मैसेज आ गया और वे बाड़ेबंदी वाले रिसॉर्ट से लौट गए।भाजपा के नेता राज्यसभा चुनावों में विधायकों की जासूसी करवाने के आरोप लगा रहे हैं। कुछ दिन पहले ही भाजपा विधायक मदन दिलावर के घर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बाद भारी विवाद हो गया था। भाजपा तब से ही विधायकों की पुलिस से निगरानी के आरोप लगा रही है।