जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने क्षेत्र के चार मुसलिम डॉक्टरों के तबादले से नाराज होकर चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा के आवास पर धरना दे दिया। समर्थकों संग धरने पर बैठे कागजी ने मंत्री पर जानबूझकर चिकित्सा मंत्री के ट्रांसफर करने के आरोप लगाए। मंत्री परसादी लाल मीणा से बातचीत के बाद कागजे के तेवर बदल गए और बोले विभागीय गड़बड़ी के कारण ट्रांसफर हुए जिन्हें वापस ले लिया गया है। विधायक आमीन कागजी ने कहा है कि उनके क्षेत्र में 4 मुस्लिम चिकित्सकों को लगाया गया था लेकिन हाल ही में उनका ट्रांसफर कर दिया गया। इस बारे में जब चिकित्सा मंत्री से बात की गई तो उन्होंने ट्रांसफर कैंसिल करने का आश्वासन दिया था और कहा था कि नई लिस्ट में वापस उन चिकित्सकों को पुराने स्थान पर तैनात कर दिया जाएगा। लेकिन जब नई लिस्ट जारी की गई तो ऐसा नहीं हुआ। कागजी ने आरोप लगाया है कि जो नई लिस्ट ट्रांसफर की निकली है उसमें कुछ चिकित्सकों के ट्रांसफर कैंसिल कर दिए गए थे लेकिन उन चार मुस्लिम चिकित्सकों के नाम नहीं थे। इस बात से खफा होकर कागजी अपने समर्थकों के साथ चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा के बंगले पर धरने पर बैठ गए और कहा कि जब तक ट्रांसफर कैंसिल के आदेश नहीं निकलते तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे। कागजी का कहना है कि जिस विधानसभा क्षेत्र से वह आते हैं वहां मुस्लिम समुदाय बड़ी संख्या में कांग्रेस को समर्थन देता है। ऐसे में हम उम्मीद करते हैं कि हमारे लोगों का तबादला कहीं अन्य जगह नहीं होगा।हालांकि जब दोबारा चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा से विधायक आमीन कागजी की वार्ता हुई तो उनके सुर बदल गए। जहां पहले वह चिकित्सा मंत्री पर जानबूझकर ट्रांसफर करने के आरोप लगा रहे थे वहीं वार्ता के बाद कहने लगे कि विभागीय गड़बड़ी के कारण यह ट्रांसफर हो गए क्योंकि बजट में हमारे विधानसभा क्षेत्र में खोले गए सेटेलाइट हॉस्पिटल में चिकित्सकों के पद सैंशन हो चुके थे। ऐसे में अन्य जो चिकित्सकों के पद खाली पड़े थे उन्हे भी भर दिया गया है और इस पूरे प्रकरण को विधायक आमीन कागजी ने विभागीय गड़बड़ी करार दिया। वहीं मामले को लेकर चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि विधायक आमीन कागजी ने जो मांग रखी है, उसे पूरा कर दिया गया है और जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा पर ही उनके क्षेत्र में ट्रांसफर किए जाएंगे। यह पॉलिसी बनाई हुई है। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में सेटेलाइट अस्पताल में पीजी चिकित्सकों के पद खाली पड़े थे तो ऐसे में अब इन चारों चिकित्सकों का ट्रांसफर आर्डर वापस ले लिया गया है।