चितौड़गढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए कांग्रेस को आडे हाथो लेते हुए कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग भाजपा नहीं करती यह तो कांग्रेस की परंपरा है। राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कांग्रेस की ओर से भाजपा पर लगाए जा रहे हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों को गलत ठहराते हुए डॉक्टर पूनिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि यह परंपरा कांग्रेस की है। गहलोत जब-जब मुख्यमंत्री बने निर्दलीय और बसपा सहित क्षेत्रीय पार्टियों के विधायकों को तोड़कर बने हैं। यहां तक कि इस बार निर्दलीयों के साथ पूरी बसपा को निगल गए। बसपा विधायकों को कांग्रेस में मर्ज करने का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।उन्होंने आरोप लगाया कि वह खुद हॉर्स ट्रेडिंग करते हैं और भाजपा पर आरोप लगाते हैं। इसकी शुरुआत ही कांग्रेस ने की। राज्यसभा चुनाव को लेकर बाडाबंदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि बाड़ेबंदी कांग्रेस की ओर से की जाती है। हमारे यहां केवल प्रशिक्षण शिविर लगाए जाते हैं। तस्वीरों में विधायकों को वोटिंग संबंधी प्रशिक्षण दिया जाता है। भारतीय जनता पार्टी जयपुर में ही विधायकों के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाएगी। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर राज्य सरकार की जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन हो या फिर आयुष्मान योजना राज्य सरकार टारगेट तक पूरे नहीं कर पा रही है जबकि केंद्र सरकार की ओर से पूरी फंडिंग की जा रही है।