जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर के आमेर में 9 साल की बच्ची की गला रेतकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आमेर में सागर रोड पर दादाबाड़ी के पास सूनी जगह पर खंडहर में नग्न अवस्था में बच्ची का शव पड़ा हुआ मिला है। सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलवाया। बच्ची के घर से कुछ ही दूरी पर उसका शव बरामद हुआ है। बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही एसीपी आमेर चंद्र सिंह रावत, एडिशनल डीसीपी सुमन चौधरी और एसएचओ आमेर शिवनारायण यादव समेत पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। जानकारी के मुताबिक शनिवार को बच्ची घर से लापता हो गई थी। बच्ची के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान किसी व्यक्ति ने दादाबाड़ी के पास एक सूने खंडहर में बच्ची का शव पड़ा हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी। बच्ची का शव नग्न अवस्था में था और गला धारदार हथियार से रेता हुआ था। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्ची के शव की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर रहने वाले बच्ची के माता-पिता तलाश करते हुए घटनास्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। जानकारी के मुताबिक बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस ने अभी तक दुष्कर्म की घटना को लेकर किसी प्रकार की पुष्टि नहीं की है। एडिशनल डीसीपी नॉर्थ सुमन चौधरी ने बताया कि बच्ची दोपहर को लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान बच्ची के घर से कुछ ही दूरी पर सूने बाड़े में उसका शव पड़ा हुआ मिला। बच्ची की गला काटकर हत्या की गई है। नग्न अवस्था में शव बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।