जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में 10 जून को राज्यसभा चुनाव का मतदान होना है। राज्य की 4 राज्यसभा सीटों पर 5 प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में मुकाबला भी कांटे का हो गया है। इसी बीच 6 बसपा विधायकों का कांग्रेस पार्टी में विलय का मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। दरअसल बहुजन समाज पार्टी के राजस्थान अध्यक्ष भगवान सिंह बाबा ने राज्यपाल कलराज मिश्र और विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी को पत्र लिखकर बसपा के 6 विधायकों का कांग्रेस में विलय असंवैधानिक बताते हुए इन विधायकों के मतदान प्रक्रिया में शामिल होने से रोक लगाने की मांग की है। बाबा ने अपने पत्र में लिखा है कि बहुजन समाज पार्टी के सिंबल पर 2018 विधानसभा चुनाव में 6 विधायक चुनाव जीत कर आए थे। जिनका असंवैधानिक तरीके से कांग्रेस पार्टी में विलय करवा दिया गया। इन 6 विधायकों में राजेंद्र गुढ़ा, लाखन मीणा, दीपचंद खेरिया, संदीप यादव, जोगिंदर अवाना और वाजिब अली शामिल हैं। इन सभी विधायकों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दलबदल विरोधी कानून के तहत मामला चल रहा है, जिसका शीघ्र फैसला होने वाला है। ऐसे में इन 6 विधायकों को राज्यसभा चुनाव में वोट डालने से रोका जाए, क्योंकि बसपा ने यह निर्णय लिया है कि राज्यसभा चुनाव में वह किसी दल या निर्दलीय का समर्थन नहीं करेगी।

0 टिप्पणियाँ