भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भरतपुर एसीबी टीम ने बयाना में बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के वृत्त निरीक्षक को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शराब दुकान की लोकेशन पास करने की एवज में यह रिश्वत मांगी थी। वृत्त निरीक्षक के साथ ही चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक परिवादी का 28 अप्रैल को विनउआ में शराब का ठेका निकला। करीब एक माह तक परिवादी को ठेका की लोकेशन नहीं मिली। बाद में सीआई पुनीत कुमार की ओर से लोकेशन जारी करने की एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत की डिमांड आई। इस संबंध में परिवादी ने एसीबी में शिकायत की। एसीबी टीम ने शिकायत की पुष्टि होने पर परिवादी से सीआई पुनीत कुमार के चालक श्यामवीर ने 50 हजार की रिश्वत राशि ली। जिसे रंगे हाथों पकड़ लिया और सीआई पुनीत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। चालक की पेंट की जेब से रिश्वत राशि बरामद कर ली। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा के नेतृत्व में टीम की ओर से सीआई पुनीत कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। टीम की ओर से बयाना के बजरिया स्थित आबकारी कार्यालय में कार्रवाई जारी है।