जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
कांस्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में राजस्थान एसओजी ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पेपर से पहले प्रश्न-पत्र प्राप्त करने वाले और उसे सॉल्व करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। एसओजी टीम ने जयपुर एफएसएल में तैनात मुकेश बाना, रेनवाल निवासी प्राइवेट टीचर बलवीर सिंह सुंडा, स्कूल संचालक विनोद कुमार जाट, झोटवाड़ा निवासी स्कूल संचालक धीरज शर्मा और जोबनेर निवासी सुरेश कुमार झितरवाल को गिरफ्तार किया है। अब तक प्रकरण में एसओजी 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एडीजी अशोक राठौड़ ने बताया कि झोटवाड़ा स्थित दिवाकर पब्लिक स्कूल से छोटू राम उर्फ मोहन की ओर से स्ट्रांग रूम से पेपर लीक करने के बाद जिन पांचों आरोपियों को परीक्षा के पहले पेपर पहुंचाया था, उन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद एसओजी मुख्यालय लाया गया है। जहां पर उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं प्रकरण में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में एसओजी की टीम जुटी हुई है।
यह है पूरा मामला।
14 मई को दूसरी पारी में आयोजित की गई पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर राजधानी जयपुर की टोला थाना इलाके में स्थित दिवाकर पब्लिक सेकेंडरी स्कूल से आउट हुआ था। इसके बाद डीजीपी एमएल लाठर ने 14 मई को दूसरी पारी में हुई परीक्षा को स्थगित करने के आदेश जारी किए थे। साथ ही एसओजी की ओर से इस पूरे प्रकरण में कार्रवाई करते हुए सेंटर अधीक्षक, सह अधीक्षक और स्ट्रांग रूम के प्रभारी एएसआई सहित 14 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। 14 मई को दूसरी पारी में पूरे प्रदेश में 1 लाख 62 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिन्हें अब दोबारा नई सूची जारी होने पर परीक्षा देनी होगी।

0 टिप्पणियाँ