जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जोधपुर शहर में मंगलवार को परशुराम जयंती, रमजान ईद एवं अक्षय तृतीया त्यौेहार के दौरान जालोरी गेट पर दो समुदाय के बीच हुए विवाद से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला प्रभारी मंत्री व तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. सुभाष गर्ग, गृह राज्यमंत्री राजेन्द्र यादव एवं अतिरिक्त पुलिस निदेशक (लॉ एण्ड ऑर्डर) हवासिंह घुमरिया हेलिकॉप्टर से जोधपुर पहुंचे। 
प्रभारी मंत्री, गृह राज्यमंत्री एवं अतिरिक्त पुलिस निदेशक ने जालोरी गेट क्षेत्र का दौरा किया। यहां उपस्थित सुरक्षा बल एवं अन्य अधिकारियों से बातचीत करने के बाद उन्होंने सिलावटो का बास, सोनारों का बास, जालप मौहल्ला क्षेत्रों का दौरा किया तथा उपद्रव में हुए नुकसान का जायजा लेकर संबंधित पीड़ितों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा नुकसान की क्षतिपूर्ति में हर संभव सहयोग किया जाएगा। मथुरादास माथुर अस्पताल व महात्मा गांधी अस्पताल जाकर उन्होंने घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उपचार के बारे में जानकारी ली। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अभय कुमार, कलक्टर हिमांशु गुप्ता, पुलिस आयुक्त नवज्योति गोगाई, जेडीए आयुक्त डा0 इन्द्रजीत यादव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक सुराणा, डीसीपी भुवन भूषण, श्रीमती वन्दिता राणा तथा एडीएम द्वितीय राजेन्द्र डांगा उनके साथ मौजूद रहे।