जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के मंत्री अशोक चांदना द्वारा ट्वीट कर मुख्यमंत्री से मंत्री पद से मुक्त करने की बात कहकर राजनीति मे हलचल मचाने के बाद आखिरकार सीएम अशोक गहलोत से मुलाकात कर ही ली। मुलाकात के बाद चांदना ने फिर ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री से सभी विषयों पर सार्थक एवं लंबी चर्चा हुई।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राजस्थान कांग्रेस परिवार के अभिभावक हैं, जो निर्णय करेंगे वह सही करेंगे। बीजेपी अपना घर देखे और कांग्रेस परिवार मिशन 2023 के लिए एकजुट और लामबंद है। अशोक चांदना के ट्वीट से साफ है कि उन्होंने अपनी बातें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने रख दी हैं और अंतिम निर्णय भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर छोड़ दिया है। दरअसल गुरुवार रात को अचानक राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री से अपील की इस जलालत वाले मंत्री पद से उन्हें मुक्ति दें। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेट्री कुलदीप रांका पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके विभाग की जिम्मेदारी प्रमुख सचिव कुलदीप रांका को दे दी जाए क्योंकि वैसे भी वह सभी विभागों के मंत्री हैं। इसके बाद शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान देते हुए कहा कि चांदना पर लाखो बच्चों के खेल से जुड़े आयोजन की जिम्मेदारी है जिसके प्रेशर में उन्होंने ऐसा कह दिया होगा। उनकी बात को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है। जिसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मंत्री अशोक चांदना की मुलाकात हुई। अशोक चांदना ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात हो गई है और उनसे लंबी चर्चा हुई है। अब वह जो भी निर्णय एक अभिभावक के तौर पर लेंगे वह उन्हें मान्य होगाा।

0 टिप्पणियाँ